

क्रिकेट के बाद अब युजवेंद्र चहल ने पकड़ी राजनीति की राह
युजवेंद्र चहल ने X पर ट्वीट कर जताया आभार
क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को स्पेशल इनवाइटी की दी गई बड़ी जिम्मेदारी
Yuzvendra Chahal BJP New Responsibility: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल एक बार फिर चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार उनके सुर्खियों में आने की वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि राजनीति है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 21 नवंबर को अपने राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी घोषित की है। इस कार्यकारिणी में क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को स्पेशल इनवाइटी यानी विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इस घोषणा के बाद राजनीतिक और खेल जगत में इसकी चर्चा शुरू हो गई है।
चहल को भाजपा के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में जगह मिलना उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़ा एक नया घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें इस भूमिका के तहत कौन-सी जिम्मेदारियां दी जाएंगी। इसके अलावा उनके पद का कार्यकाल और संगठन में सक्रिय भूमिका को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
क्या होती है स्पेशल इनवाइटी की भूमिका?
राजनीतिक संगठनों में स्पेशल इनवाइटी का पद विशेष महत्व रखता है। इस श्रेणी में ऐसे लोगों को शामिल किया जाता है, जिन्हें संगठन की बैठकों, चर्चाओं और विभिन्न कार्यक्रमों में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है। हालांकि, इस पद के साथ मिलने वाले अधिकार और जिम्मेदारियां संबंधित संगठन के नियमों और निर्णयों पर निर्भर करती हैं।
युजवेंद्र चहल को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में शामिल किए जाने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी उन्हें आगे किस तरह की जिम्मेदारी सौंपती है।
चहल ने जताया भाजपा नेतृत्व का आभार
भाजपा की नई कार्यकारिणी में जगह मिलने के बाद युजवेंद्र चहल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का धन्यवाद किया।
चहल ने अपने संदेश में कहा कि भाजपा परिवार में उन्हें स्थान और मान-सम्मान देने के लिए वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आभारी हैं। उनके इस संदेश से साफ है कि नई कार्यकारिणी में मिली जगह को उन्होंने सम्मान के रूप में स्वीकार किया है।