Agra Wife Murder Case: आगरा पुलिस कमिश्नरेट वेस्ट जोन में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। पति-पत्नी की एक छोटे से विवाद ने ऐसा रूप लिया जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पति को ऐसी सनक चढ़ी कि उसने पत्नी की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी और घर में ही शव को जला दिया जिससे किसी को भनक तक न लग सके।
यही नहीं पुलिस को साक्ष्य न मिल सकें इसके लिए आरोपी पति ने पत्नी के शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने हेतु अस्थियों को भी यमुना नदी सहित कई अलग अलग जगहों पर विसर्जित कर दिया और खुद ही पुलिस के पास पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंच गया। जब मायके पक्ष की शिकायत पुलिस के पास पहुंची और पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो आरोपी पति का रहस्य खुल गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और पूछताछ में उसने बताया कि किस तरह उसने पत्नी की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया है।
बता दें पूरी घटना आगरा के थाना अछनेरा के गांव कुकथला से जुड़ी हुई है। यहां के ही लोकेंद्र पुत्र वीर बहादुर सिंह की शादी वर्ष 2022 में अकबरा गांव निवासी चांदनी से हुई थी। दंपती की करीब दो वर्ष की बेटी है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को चांदनी की कथित रूप से हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद लोकेंद्र ने घर के पीछे बाड़े में शव को जला दिया और साक्ष्य मिटाने मिटाने की हर संभव कोशिश की।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर घर में रख दिया, जबकि चांदनी का मोबाइल थाना सिकंदरा क्षेत्र में फेंक दिया गया। इसके बाद वह अछनेरा थाने पहुंचा और पत्नी के घर से लापता होने की सूचना पुलिस को दी।
इधर, चांदनी के मायके पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। उन्होंने बेटी के लापता होने की तहरीर देते हुए पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। बुधवार सुबह पुलिस टीम जांच के लिए कुकथला पहुंची। घर पर परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला, जबकि चांदनी की करीब दो वर्ष की बेटी दुकानों के बाहर खेलती मिली। घटनास्थल और परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया।
पूछताछ के दौरान आगरा पुलिस को कई अहम सुराग मिले। इसके बाद लोकेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पत्नी की कथित हत्या और शव जलाने की घटना सामने आई। इसके बाद पुलिस आरोपी को उसकी निशानदेही पर यमुना किनारे लेकर पहुंची, जहां से कुछ हड्डियां बरामद की गईं। पत्नी का मोबाइल भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना कुकथला चौकी से करीब 200 मीटर की दूरी पर बताई जा रही है। पुलिस अब हत्या की वजह, शव जलाने और अवशेषों को ठिकाने लगाने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। बरामद हड्डियों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।