भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं।
वे अपने दमदार फोरहैंड और आक्रामक खेल के लिए मशहूर हैं।
उन्होंने करोड़ों युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है।
Sania Mirza Birthday: भारतीय महिला टेनिस को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने वाली स्टार खिलाड़ी सानिया मिर्जा आज यानी रविवार, 15 नवंबर को अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। टेनिस कोर्ट पर अपने दमदार फोरहैंड और आक्रामक खेल के लिए मशहूर सानिया ने करोड़ों युवाओं को खेल के मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया है। आइए, उनके जन्मदिन के खास मौके पर उनके जीवन और उपलब्धियों से जुड़ी कुछ रोचक बातों पर नजर डालते हैं।
दरअसल, सानिया मिर्जा का जन्म 15 नवंबर 1986 को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक हैदराबादी मुस्लिम परिवार में हुआ था। उनके पिता इमरान मिर्जा पेशे से एक खेल पत्रकार थे, जबकि उनकी मां नसीमा प्रिंटिंग व्यवसाय से जुड़ी थीं। जन्म के कुछ समय बाद ही उनका परिवार हैदराबाद आकर बस गया, जहां सानिया की शुरुआती पढ़ाई और परवरिश हुई।
खेल पत्रकार पिता के मार्गदर्शन में सानिया का रुझान बचपन से ही खेलों की तरफ हो गया था। उन्होंने महज 6 साल की छोटी उम्र में टेनिस रैकेट थाम लिया था। शुरुआती दौर में उनके पिता ने ही उन्हें टेनिस की बारीकियां सिखाईं। सानिया की मेहनत और लगन का ही नतीजा था कि उन्होंने बहुत कम उम्र में जूनियर स्तर पर कई बड़े खिताब अपने नाम कर लिए।
आपको बता दें कि साल 2003 में सानिया ने पेशेवर टेनिस की दुनिया में कदम रखा। इसी साल उन्होंने विंबलडन गर्ल्स डबल्स का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सानिया ने अपने शानदार करियर में कुल 6 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते, जिनमें 3 महिला डबल्स और 3 मिक्स्ड डबल्स खिताब शामिल हैं।
सानिया मिर्जा डबल्स रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी बनने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। इसके अलावा, उन्होंने सिंगल रैंकिंग में भी शीर्ष 30 में जगह बनाई थी, जो किसी भी भारतीय महिला के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड है।
भारत सरकार ने खेल में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें अर्जुन पुरस्कार, पद्म श्री, राजीव गांधी खेल रत्न (अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न) और पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा है।
भले ही सानिया मिर्जा ने पेशेवर टेनिस को अलविदा कह दिया हो, लेकिन भारतीय खेल इतिहास में उनका नाम हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। उन्होंने साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
पूर्व भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी और बेटे इजहान को लेकर खुलकर बात की। एक बातचीत के दौरान जब उनसे उनकी डेटिंग लाइफ पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल उनकी जिंदगी में कोई मर्द नहीं है। हालांकि, मुस्कुराते हुए उन्होंने यह भी जोड़ा कि क्या पता, आगे हो भी सकता है।
इस दौरान सानिया ने अपने बेटे इजहान मिर्जा मलिक की पसंद के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि इजहान टेनिस खेलता जरूर है, लेकिन उसे इस खेल में ज्यादा मजा नहीं आता। हालांकि, खेलों के प्रति उसकी दिलचस्पी काफी गहरी है। वर्तमान में सानिया सिंगल हैं और अपने बेटे के साथ दुबई में रह रही हैं।
सानिया मिर्जा के निजी जीवन पर नजर डालें तो उन्होंने 12 अप्रैल 2010 को हैदराबाद में पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह किया था, जिसके बाद दोनों दुबई में बस गए थे। साल 2018 में इजहान का जन्म हुआ, लेकिन करीब पांच साल बाद 2023 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद साल 2024 में शोएब ने पाकिस्तानी अभिनेत्री सना जावेद से तीसरी शादी कर ली।