

न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले स्पिनर कुलदीप यादव को भारतीय टीम से रिलीज कर दिया गया है।
उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को स्क्वाड में जगह मिली है।
विकेटकीपर ऋषभ पंत वेलिंगटन में भारतीय टीम के साथ जुड़ गए हैं।
India Updated Test Squad vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति ने स्क्वाड में एक बड़ा बदलाव किया है।
पुरुष चयन समिति ने अनुभवी चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को टीम से रिलीज कर दिया है और उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को टेस्ट टीम में शामिल किया है। इसके साथ ही विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी वेलिंगटन में टीम के साथ जुड़ गए हैं।
दरअसल, बीसीसीआई ने शनिवार, 14 नवंबर को जारी अपनी मीडिया एडवाइजरी में इस बदलाव की आधिकारिक पुष्टि की। बोर्ड ने बताया कि पुरुषों की सिलेक्शन कमिटी ने 19 नवंबर, 2026 से वेलिंगटन में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए गुरनूर बराड़ को भारतीय टीम में जगह दी है। वहीं, कुलदीप यादव को भारत में चल रहे घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेने के लिए टेस्ट स्क्वाड से रिलीज किया जा रहा है।
एडवाइजरी में आगे जानकारी दी गई कि गुरनूर बराड़ अब सीधे टेस्ट टीम के सदस्यों के साथ जुड़ेंगे, जिसके चलते वह मौजूदा वनडे सीरीज के पांचवें और आखिरी मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। आखिरी ODI के लिए उनके स्थान पर किसी रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है। इसके अलावा, विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी वेलिंगटन पहुंचकर टेस्ट टीम के कैंप में शामिल हो गए हैं।
न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को देखते हुए गुरनूर बराड़ के शामिल होने से भारत को एक अतिरिक्त तेज गेंदबाजी विकल्प मिल गया है। इससे टीम इंडिया का पेस अटैक काफी मजबूत नजर आ रहा है। भारतीय गेंदबाजी लाइनअप में अब अनुभवी जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और गुरनूर बराड़ जैसे बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं।
हालांकि, कुलदीप यादव के बाहर होने से टीम में कोई विशेषज्ञ कलाई का स्पिनर (रिस्ट स्पिनर) नहीं बचा है। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अब पूरी तरह से दो अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर के कंधों पर होगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में आयोजित होगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से टीम इंडिया के लिए यह सीरीज करो या मरो जैसी है।
मौजूदा समय में भारतीय टेस्ट टीम WTC पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर काबिज है। टॉप-2 में अपनी जगह पक्की करने के लिए भारत को न केवल न्यूजीलैंड के खिलाफ इस दो मैचों की सीरीज में जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि इसके बाद अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भी बड़ी जीत हासिल करनी होगी।
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़।
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर) उपकप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, औकिब नबी, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेट कीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव।