कौन हैं छठी मैया, क्यों की जाती है सूर्य की पूजा? जानें छठ महापर्व की पूरी कहानी

Who is Chhathi Maiya: छठ महापर्व सूर्य देव और छठी मैया की आराधना का पर्व है। जानें इसका धार्मिक महत्व, पौराणिक कथाएं और नहाय-खाय से पारण तक चार दिनों के अनुष्ठान।
chhath puja story and history
छठ पूजाSource- IANS
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • छठ पर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

  • धार्मिक मान्यताओं में छठी मैया को संतान की रक्षा और सुख-समृद्धि से जुड़ी देवी माना जाता है।

  • नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ चार दिनों का यह पर्व पूरा होता है।

Chhath Puja Story: 15 नवंबर की शाम को नदी, तालाब और नहरों के तटों पर आस्था का एक अलग ही संसार आबाद दिखेगा। लाखों लोग पानी के भीतर खड़े होकर हाथ में सूप और पूजन सामग्री थामे क्षितिज की ओर देख रहे होंगे, जहां डूबता हुआ सूरज अपनी आखिरी सुनहरी किरणें बिखेरेगा। इस समय पूर्वांचल के आंगनों में स्वर कोकिला शारदा सिन्हा के गाए वे अमर छठ गीत गूंज रहे हैं, जो हवाओं में एक अनोखी सिहरन भर देते हैं। यह दृश्य किसी एक शहर का नहीं, बल्कि बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल की माटी से निकलकर अब दुनिया के कोने-कोने तक फैल चुका है, यह है लोक आस्था का महापर्व छठ।

लेकिन इस भव्य और कठोर अनुशासन वाले पर्व की असल आत्मा क्या है? यह क्यों मनाया जाता है? छठी मैया कौन हैं और इसके चार दिनों के कड़े अनुष्ठानों का ताना-बाना कैसा है? आइए, इस पूरी परंपरा के सफर को नए अंदाज में महसूस करते हैं।

क्यों मनाया जाता है छठ का महापर्व?

छठ मूल रूप से सूर्य देव की आराधना का चार दिवसीय अनुष्ठान है, जो केवल पूजा-पाठ नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति अगाध कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। इसमें ब्रह्मांड की ऊर्जा के मुख्य स्रोत सूर्य की पहली किरण (उषा) और अंतिम किरण (प्रत्युषा) दोनों को प्रणाम किया जाता है।

यह पर्व मुख्य रूप से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को अपने चरम पर होता है, जिसकी विधियां दो दिन पहले से ही शुरू हो जाती हैं। समय के साथ भले ही इसका विस्तार महानगरों और विदेशों तक हो गया हो, लेकिन इसकी जड़ आज भी उतनी ही पवित्र और सामूहिक है। घाटों की सफाई से लेकर ठेकुआ की ससौंधी खुशबू तक, पूरा समाज इसमें जाति और वर्ग के बंधनों से ऊपर उठकर एक परिवार की तरह जुट जाता है।

इतिहास और कथाओं के आईने में छठ

छठ की जड़ें इतिहास के पन्नों से भी पुरानी और गहरी हैं:

  • प्रकृति की गोद से: ऋग्वेद काल से चली आ रही यह परंपरा उस समय की याद दिलाती है जब मनुष्य सीधे प्रकृति यानी नदी, अग्नि, वायु और सूर्य को अपना आराध्य मानता था।

  • रामायण काल की गाथा: पौराणिक कथाओं के अनुसार, लंका विजय के बाद जब भगवान राम और माता सीता अयोध्या लौटे, तो उन्होंने सूर्य देव की कृपा प्राप्ति के लिए व्रत रखकर विधिवत यज्ञ किया था।

  • महाभारत की कहानी: वनवास के दौरान संकटों से घिरे पांडवों और द्रौपदी ने ऋषि धौम्य के मार्गदर्शन में सूर्योपासना की थी, जिससे उनकी मनोकामनाएं पूर्ण हुईं। इसके अलावा, महाभारत के महान योद्धा कर्ण द्वारा नियमित रूप से घंटों जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने का उल्लेख भी इसी परंपरा से जुड़ा है।

आध्यात्मिक जानकारों के अनुसार, माता सीता और द्रौपदी दोनों ने ही कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को सूर्य देव की यह विशेष आराधना की थी, जो आज भी इस तिथि के महत्व को अमर बनाए हुए है।

कौन हैं छठी मैया?

आम तौर पर दिवाली के छह दिन बाद यानी अक्टूबर-नवंबर (कार्तिक मास) और साल में एक बार चैत्र मास (चैती छठ) में मनाए जाने वाले इस पर्व की मुख्य देवी छठी मैया हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया को साक्षात सूर्य देव की बहन और ऋषि कश्यप तथा अदिति की पुत्री माना जाता है। कुछ कथाओं में उन्हें भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय की अर्धांगिनी भी बताया गया है। वे अनुशासन की देवी हैं; उनके नियम कठोर हैं, लेकिन जो भक्त पूरी निष्ठा और शुचिता से उनकी आराधना करता है, उस पर उनकी असीम कृपा बरसती है।

chhath puja story and history
Chhath Puja: कल्पना पटवारी ने बताया छठ का महत्व, बोलीं- बिहार में मुस्लिम महिलाएं भी रखती हैं व्रत

चार दिनों का कड़ा अनुशासन और अनुष्ठान

छठ का पर्व किसी परीक्षा से कम नहीं है, जिसमें आत्मानुशासन और समर्पण की पराकाष्ठा देखने को मिलती है:

1. पहला दिन: नहाय-खाय (शुद्धता का आरंभ)

पर्व की शुरुआत 'नहाय-खाय' से होती है। इस दिन व्रती नदी या पवित्र जलाशय में स्नान करते हैं और पूरी तरह सात्विक जीवनशैली का संकल्प लेते हैं। घर की साफ-सफाई के बाद लकड़ी के चूल्हे पर पारंपरिक रूप से लौकी की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल तैयार किया जाता है, जिसे व्रती और पूरा परिवार ग्रहण करता है।

2. दूसरा दिन: खरना (मन और शरीर का संयम)

दूसरे दिन को 'खरना' कहा जाता है। व्रती पूरे दिन अन्न-जल त्यागकर उपवास रखते हैं और शाम को गन्ने के रस या गुड़ से बनी खीर (रसीयाव) और रोटी का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी दिन घर-परिवार के लोग मिलकर पवित्रता के साथ ठेकुआ तैयार करते हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के ठीक बाद से व्रती का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है, जिसमें पानी की एक बूंद भी ग्रहण नहीं की जाती।

chhath puja story and history
Chhath Puja 2026: क्या कुंवारी लड़कियां भी रख सकती हैं छठ का व्रत? जानें लड़कियों और पुरुषों के लिए नियम

3. तीसरा दिन: सांझ का अर्घ्य (डूबते सूरज को प्रणाम)

यह छठ का सबसे अलौकिक चरण है। तीसरे दिन शाम को बांस के सूप में मौसमी फल (केला, गन्ना, शकरकंद, सिंघाड़ा, चकोतरा आदि) और ठेकुआ सजाकर व्रती अपने परिवार के साथ नदी या तालाब के घाट पर पहुंचते हैं। जो वहां नहीं जा पाते, वे घरों में ही कृत्रिम जलकुंड बनाते हैं। डूबते सूर्य (प्रत्युषा) को जल और दूध का अर्घ्य देकर समाज और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

4. चौथा दिन: भोर का अर्घ्य और पारण (उषा की किरण के साथ पूर्णता)

अंधेरे और ठंडी सुबह में एक बार फिर घाट पर भक्तों का हुजूम उमड़ता है। उगते हुए सूर्य (उषा) को अंतिम अर्घ्य दिया जाता है। इसी के साथ 36 घंटे का वह कठिन निर्जला व्रत पूरा होता है जिसे 'पारण' कहा जाता है। व्रती और उनके परिजन छठी मैया का आशीर्वाद लेकर प्रसाद बांटते हैं और व्रत का समापन करते हैं।