

भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीत को भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार दिन बताया।
अमित शाह, अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी ने भी युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
PM Modi Congratulates India U19 Team: भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम ने रिकॉर्ड 9वीं बार यह ट्रॉफी जीती। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने खुशी जाहिर की और युवा खिलाड़ियों को बधाई दी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारतीय क्रिकेट के लिए यह शानदार दिन है। मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 जीतने और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले युवा क्रिकेटरों पर उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि टीम की यह सफलता दूसरे युवाओं को भी प्रेरित करेगी। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने इसे रोमांचक जीत बताते हुए कहा कि पुरुषों के अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई। इस शानदार जीत ने पूरे देश को खुशी और गर्व से भर दिया है।
शाह ने कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों ने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन खेल भावना का प्रदर्शन किया। यह भारतीय क्रिकेट की उत्कृष्टता का उदाहरण है। उनका प्रदर्शन कई उभरते हुए क्रिकेटरों को भी विजेता बनने के लिए प्रेरित करेगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी अंडर-19 टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि फाइनल में पाकिस्तान को हराना गर्व की बात है। युवा खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल, दृढ़ता और टीम भावना का प्रदर्शन किया है। भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।
स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पोस्ट में भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह शानदार अंत है। युवा टीम इंडिया ने रोमांचक फाइनल को यादगार पल में बदल दिया। पाकिस्तान को हराकर टीम मेन्स अंडर-19 एशिया कप की चैंपियन बन गई है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश का मान बढ़ाया है।
बता दें कि मेन्स अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 338 रनों का लक्ष्य रखा था। भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया और खिताब अपने नाम कर लिया।