भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका में एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगी।
इस दौरे का आगाज़ गकेबरहा में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगा।
BCCI ने इस पूरे ऑल-फॉर्मेट दौरे के लिए भारतीय महिला टीम का एलान कर दिया है।
IND W vs SA W Schedule 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली आगामी ऑल-फॉर्मेट सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है।
भारत को इस दौरे पर कुल सात मैच खेलने हैं, जिसमें एक ऐतिहासिक टेस्ट मैच, तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल (T20I) मैच शामिल हैं। इस दौरे की शुरुआत 9 दिसंबर से गकेबरहा में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगी।
दरअसल, पिछले महीने भारतीय टीम की पूर्णकालिक कप्तान नियुक्त की गई स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना तीनों फॉर्मेट में टीम का नेतृत्व करेंगी। यह पहला मौका होगा जब मंधाना किसी टेस्ट मैच में भारतीय टीम की कमान संभालती नजर आएंगी।
टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में अनुभवी दीप्ति शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शैफाली वर्मा उपकप्तान की भूमिका में होंगी। चयन समिति ने पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर पर भरोसा जताते हुए उन्हें तीनों फॉर्मेट की टीम में शामिल किया है।
भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स की वापसी है। द हंड्रेड के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हुई जेमिमा अब पूरी तरह फिट हैं और उन्हें तीनों फॉर्मेट के स्क्वॉड में जगह मिली है। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर की भी टी20 टीम में वापसी हुई है, जो पिछले महीने जिम्बाब्वे सीरीज का हिस्सा नहीं थीं।
हालांकि, रेणुका को टेस्ट और वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा, ऑलराउंडर अमनजोत कौर को लंबे समय बाद सिर्फ टी20 टीम में मौका मिला है। उन्होंने अपना आखिरी मैच फरवरी 2026 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेला था। वहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू करने वाली जिंतीमानी कलिता को वनडे टीम में बरकरार रखने के साथ-साथ पहली बार टेस्ट टीम में भी बुलावा भेजा गया है।
भारत की महिला टेस्ट टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), ऋचा घोष, यस्तिका भाटिया, श्री चरणी, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, नंदनी शर्मा, जिंतिमणि कलिता।
भारत की महिला वनडे टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, ऋचा घोष, यस्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, जिंतिमणि कलिता, सयाली सतघरे, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा।
भारत की महिला T20I टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शैफाली वर्मा (उपकप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष, जी कमालिनी, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, अमनजोत कौर, क्रांति गौड़।
भारतीय महिला टीम के साउथ अफ्रीका दौरे का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है।
09 दिसंबर 2026: एकमात्र टेस्ट मैच, गकेबरहा
16 दिसंबर 2026: पहला वनडे, पार्ल
19 दिसंबर 2026: दूसरा वनडे, केपटाउन
22 दिसंबर 2026: तीसरा वनडे, ब्लोमफोंटेन
26 दिसंबर 2026: पहला टी20, बेनोनी
29 दिसंबर 2026: दूसरा टी20, पोटचेफस्ट्रूम
30 दिसंबर 2026: तीसरा टी20, पोटचेफस्ट्रूम