नितीश राणा (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

नीतीश राणा के तूफानी पारी से वेस्ट दिल्ली लायंस ने मारी बाज़ी, DPL 2025 की ट्रॉफी पर किया कब्जा

West Delhi Lions won the DPL 2025 Title: मौजूदा सीजन के खिताबी मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 6 विकेट से हराया। लायंस की इस जीत में कप्तान नितीश राणा ने अहम भूमिका निभाई।

संजय सिंह बिष्ट

DPL 2025: दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 को उसका नया चैंपियन मिल गया है। जी हां, इस साल वेस्ट दिल्ली लायंस ने इसके खिताब को अपने नाम कर लिया है। लायंस ने बीते रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 6 विकेट से हराया।

इससे पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने सात विकेट खोकर 173 रन बनाए। टीम को 11 रन पर सिद्धार्थ जून के रूप में बड़ा झटका लगा। सिद्धार्थ महज 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम ने 38 के स्कोर पर आर्यन राणा के रूप में अपना दूसरा सलामी बल्लेबाज भी खो दिया। आर्यन 12 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में चार चौके शामिल थे।

टीम लगातार अपने विकेट गंवाती गई और 78 के स्कोर तक छह बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। यहां से युगल सैनी ने प्रांशु विजयरन के साथ सातवें विकेट के लिए 78 रन जोड़ते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। सैनी 48 गेंदों में तीन छक्कों और चार चौकों के साथ 65 रन बनाकर आउट हुए। अंतिम ओवर में प्रांशु ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया। प्रांशु 24 गेंदों में 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी में चार छक्के और तीन चौके शामिल थे। विपक्षी टीम के लिए मनन भारद्वाज और शिवांक वशिष्ठ ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स के द्वारा दिए गए स्कोर का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस ने दो ओवर शेष रहते खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम ने दूसरे ओवर की अंतिम दो गेंदों पर कृष यादव (13) और आयुष (0) का विकेट गंवा दिया था। कुछ देर बाद अंकित कुमार (20) भी पवेलियन लौट गए।

नितीश राणा की विस्फोटक बल्लेबाजी

टीम 48 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान नितीश राणा ने मोर्चा संभाला। राणा ने मयंक गुसाईं (15) के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रन जोड़े।इसके बाद कप्तान ने ऋतिक शौकीन के साथ पांचवें विकेट के लिए 85 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। नितीश राणा ने 49 गेंदों में सात छक्कों और चार चौकों की मदद से नाबाद 79 रन बनाए, जबकि ऋतिक 27 गेंदों में 42 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खमे से सिमरजीत सिंह ने सर्वाधिक दो विकेट झटके, जबकि अरुण पुंडीर और तेजस बरोका ने एक-एक शिकार किया।

एजेंसी इनपुट के साथ

MLC Election Results: सभी सीटों के परिणाम जारी, यहां देखें पूरी लिस्ट; नागपुर और वाराणसी में फंसा पेच

Cyclone Alert: दिल्ली से आंध्र तक 19 राज्यों में अर्नब चक्रवात का असर, बारिश-तेज हवाओं और लैंडस्लाइड का अलर्ट

Cyclone Arnab Update: 150 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं हवाएं, अब इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

6,337 वाली दवा अब 1,495 में मिलेगी, कैंसर की किन दवाओं के कितने घटे दाम? देखें लिस्ट

BIG BREAKING: CJP ने दिया कांग्रेस के 1 नवंबर की महारैली को समर्थन, अभिजीत दिपके ने किया ऐलान