Virat Kohli Speech Video: कहावत है कि इंसान चाहे जितनी ऊंचाई हासिल कर ले, उसे अपनी जड़ों को नहीं भूलना चाहिए, और विराट कोहली इसका बेहतरीन उदाहरण हैं। भले ही वह अब लंदन में रहते हैं, लेकिन भारत आने पर अपने पुराने रिश्तों और यादों को जरूर ताजा करते हैं। आईपीएल 2026 के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए कोहली दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला खेला और इसके बाद अपने पुराने क्रिकेटिंग सफर से जुड़े लोगों के लिए समय निकाला।
मैच के अगले दिन कोहली दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम में वेस्ट दिल्ली क्रिकेट एकेडमी की नई शाखा के उद्घाटन के लिए पहुंचे। यह एकेडमी उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा से जुड़ी है। जैसे ही कोहली मंच पर आए, बच्चों का उत्साह चरम पर पहुंच गया और वे जोर-जोर से आरसीबी-आरसीबी के नारे लगाने लगे। माहौल इतना शोरगुल भरा हो गया कि कोहली को मुस्कुराते हुए बच्चों से शांत रहने की अपील करनी पड़ी।
कोहली ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “प्लीज बोलने तो दो यार, मुझे इसकी आदत नहीं है।” उन्होंने बच्चों का धन्यवाद करते हुए बताया कि स्कूल के मंच पर बोलना उनके लिए थोड़ा अलग अनुभव है, क्योंकि वह बहुत पहले ही क्रिकेट के कारण इस माहौल से दूर हो गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्कूल लाइफ को अच्छे से समझते हैं और खुद उसी प्रक्रिया से गुजर चुके हैं, जहां से आज ये बच्चे गुजर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: ऑरेंज कैप के लिए इधर किंग कोहली ने फिर पकड़ी रफ्तार, उधर भुवी ने पर्पल कैप झटककर सबको छोड़ा पीछे
विराट कोहली ने अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों को सलाह दी कि वे अपने शिक्षकों का सम्मान करें और अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहें। उन्होंने बताया कि उन्होंने महज आठ साल की उम्र में क्रिकेट प्रैक्टिस शुरू कर दी थी और बहुत जल्दी यह तय कर लिया था कि उन्हें इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि जब भी मौका मिलता है, वह आज भी अपनी पुरानी एकेडमी जाते हैं, क्योंकि यह उनके बचपन का अहम हिस्सा रही है। कोहली ने उम्मीद जताई कि यहां आने वाले बच्चे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएंगे और अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करेंगे।