IPL 2026: ऑरेंज कैप के लिए इधर किंग कोहली ने फिर पकड़ी रफ्तार, उधर भुवी ने पर्पल कैप झटककर सबको छोड़ा पीछे

Purple Cap Leaderboard IPL 2026: ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस रोमांचक हो गई है। दिल्ली बनाम आरसीबी मैच के बाद विराट कोहली ने बड़ी छलांग लगाई, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने शानदार प्रदर्शन से सबको चौंका दिया।
Bhuvneshwar Kumar and Virat Kohli
भुवनेश्वर कुमार और विराट कोहली (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Orange Cap Leaderboard IPL 2026: आईपीएल 2026 में ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस अब और भी दिलचस्प होती जा रही है। सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को उनके घरेलू मैदान पर हराया। इस मुकाबले के बाद दोनों कैप की दौड़ में बड़ा बदलाव देखने को मिला। जहां ऑरेंज कैप की रेस में विराट कोहली ने जोरदार छलांग लगाई, वहीं पर्पल कैप की सूची में भुवनेश्वर कुमार शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

पर्पल कैप पर भुवनेश्वर कुमार का कब्जा

गेंदबाजों की बात करें तो पर्पल कैप की रेस भी काफी कड़ी हो गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी के दम पर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। उनके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कम्बोज और सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान मलिंगा के नाम भी 14-14 विकेट हैं। हालांकि बेहतर इकॉनमी रेट के कारण भुवनेश्वर इस समय पहले नंबर पर हैं, जबकि अंशुल दूसरे और मलिंगा तीसरे स्थान पर हैं। पर्पल कैप की इस दौड़ में जोफ्रा आर्चर, प्रिंस यादव और कगिसो रबाडा भी पीछे नहीं हैं। इन सभी गेंदबाजों ने अब तक 13-13 विकेट झटके हैं और वे कभी भी इस रेस में आगे निकल सकते हैं। आने वाले मुकाबलों में यह प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक होने वाली है, जहां हर मैच के साथ कैप की तस्वीर बदल सकती है।

ऑरेंज कैप की रेस में अभिषेक शर्मा सबसे आगे

इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा पहले स्थान पर बने हुए हैं। उन्होंने 8 मैचों में 380 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर केएल राहुल हैं, जिन्होंने 8 मुकाबलों में 358 रन बनाए हैं। राहुल के बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक निकले हैं, जिससे वह लगातार टॉप-2 में अपनी जगह बनाए हुए हैं।

कोहली ने लगाई बड़ी छलांग

राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। उन्होंने 8 मैचों में 357 रन बनाते हुए शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वहीं विराट कोहली ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मैच में 15 गेंदों पर 23 रन बनाकर चौथे स्थान पर छलांग लगाई। भले ही उनका स्कोर बड़ा नहीं था, लेकिन टीम की जीत में उनका योगदान अहम रहा। उनके नाम इस सीजन तीन अर्धशतक दर्ज हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com