मिचेल सेंटनर और सूर्यकुमार यादव (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

IND vs NZ: कीवी कप्तान के माइंड गेम पर सूर्यकुमार यादव का पलटवार, कहा- हमें बिल्कुल भी चिंता नहीं

Suryakumar Yadav PC: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आत्मविश्वास दिखाया। उन्होंने मिचेल सैंटनर के बयान पर मजेदार पलटवार करते हुए भारत की जीत का भरोसा जताया।

संजय सिंह बिष्ट

Suryakumar Yadav Press Conference:  टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अब बेहद करीब है और कुछ ही घंटों बाद भारत और न्यूजीलैंड की टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस महामुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने फाइनल से पहले कहा था कि अगर ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ लोगों का दिल तोड़ना पड़े तो उन्हें उससे कोई परेशानी नहीं होगी। उनके इस बयान के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मजेदार अंदाज में पलटवार किया और माहौल को हल्का करते हुए जवाब दिया।

मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे सैंटनर की चेतावनी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि "सब एक ही तरह की डायलॉग चिपका रहे हैं, कुछ अलग भी तो बोलो।"

फाइनल से पहले कप्तान सूर्या का आत्मविश्वास

न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले से पहले सूर्यकुमार यादव काफी आत्मविश्वास में नजर आए। भारतीय टीम पहली बार उनकी कप्तानी में किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है और ऐसे में वह इस पल को खास मान रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले के दबाव को लेकर भी खुलकर बात की। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि "फाइनल में टीम का नेतृत्व करना एक खास एहसास है, दिल में थोड़ी घबराहट होगी। जब दबाव नहीं होता, तब मजा नहीं आता। यह मेरे और मेरे परिवार के लिए भी एक बड़ा अवसर है।" कप्तान के इस बयान से साफ है कि टीम इंडिया फाइनल मुकाबले को लेकर उत्साहित भी है और पूरी तरह तैयार भी।

वरुण चक्रवर्ती को लेकर कप्तान का भरोसा

भारतीय टीम के स्टार मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती इन दिनों चर्चा में हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उनका प्रदर्शन काफी महंगा साबित हुआ था, जहां उन्होंने चार ओवर में 64 रन खर्च किए थे। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में भी वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। ऐसे में यह सवाल उठने लगा है कि क्या टीम मैनेजमेंट फाइनल में उन्हें मौका देगा या फिर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा। इस सवाल पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वरुण चक्रवर्ती का समर्थन करते हुए कहा- "हमें चिंता नहीं है, यह एक टीम गेम है। हम इतना नहीं सोचते, हमने मैच जीत लिया है। वह विश्व के नंबर 1 गेंदबाज हैं, वह हमारे लिए यही करेंगे। बाकी बदलाव के बारे में हम कल सोचेंगे।" कप्तान के इस बयान से साफ है कि टीम मैनेजमेंट फिलहाल वरुण पर भरोसा बनाए हुए है, हालांकि अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले ही लिया जाएगा।

पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है वरुण का प्रदर्शन

हालांकि हालिया मुकाबलों में वरुण चक्रवर्ती थोड़े महंगे साबित हुए हैं, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। मिस्ट्री स्पिनर ने अब तक खेले गए 6 मैचों में 13 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी वजह से वह इस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।

अगर वरुण चक्रवर्ती फाइनल मुकाबले में खेलते हैं और कुछ विकेट हासिल करने में सफल रहते हैं तो वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन सकते हैं। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या टीम इंडिया फाइनल में उन पर भरोसा जताती है या फिर प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव देखने को मिलेगा।

BRICS Summit 2026 LIVE: BRICS देशों की दोगुनी रफ्तार से हुई है तरक्की, ब्रिक्स बिजनेस फोरम में बोले पीएम मोदी

BRICS में कौन कितना ताकतवर? चीन से लेकर भारत तक, जानें कौन-कौन से देश हैं शामिल

BRICS बैठक से पहले पूर्व विदेश सलमान खुर्शीद का बयान, दुनिया की बड़ी चुनौतियों से निपटने की दी सलाह

BRICS बैठक से पहले पीएम मोदी का एक्स पोस्ट, आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर साधा निशाना; 9/11 हमले के 25 साल पूरे

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बैठक, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?