आईसीसी मेंस वर्ल्ड कप ट्रॉफी (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

ODI World Cup 2027: फैंस के लिए बुरी खबर, क्या बिना इस टीम के फिर होगा वर्ल्ड कप? देखें ये रोचक समीकरण

ODI WC 2027: वनडे वर्ल्ड कप 2027 में अभी समय है, लेकिन इसमें कौन सी टीमें खेलेंगी यह तय नहीं हुआ है। इसी बीच क्वालीफिकेशन की जंग और भी दिलचस्प होती नजर आ रही है।

संजय सिंह बिष्ट

One Day World Cup 2027 Update: वनडे विश्व कप 2027 अभी भले ही दूर हो, लेकिन इसके लिए रोमांच अभी से बढ़ने लगा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस मेगा टूर्नामेंट में कौन-कौन सी टीमें हिस्सा लेंगी। मौजूदा समीकरणों को देखें तो स्थिति काफी दिलचस्प बनती जा रही है और ऐसा भी संभव है कि दो बार की चैंपियन टीम को ही बाहर बैठना पड़े।

चार साल में एक बार होता है वनडे विश्व कप

आईसीसी वनडे विश्व कप हर चार साल में आयोजित किया जाता है और इसकी लोकप्रियता बाकी टूर्नामेंट्स से अलग है। टी20 विश्व कप के आने के बावजूद वनडे वर्ल्ड कप का महत्व कम नहीं हुआ है। कई दिग्गज खिलाड़ी, जैसे रोहित शर्मा, भी इस खिताब को जीतने को अपने करियर का सबसे बड़ा लक्ष्य मानते हैं।

तीन देशों की मेजबानी में होगा टूर्नामेंट

साल 2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट अक्टूबर से नवंबर के बीच आयोजित होने की संभावना है। हालांकि अभी तक पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। इस बार कुल 14 टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी, जो 2023 के मुकाबले ज्यादा हैं, क्योंकि आईसीसी पुराने फॉर्मेट की वापसी कर रहा है।

क्वालीफिकेशन का पेच और बदलते समीकरण

मेजबान होने के चलते दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने सीधे विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वहीं नामीबिया को क्वालीफायर के जरिए अपनी जगह बनानी होगी। इसके अलावा अन्य टीमों का चयन आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर होगा। मार्च 2027 तक जो टीमें टॉप 8 में रहेंगी, उन्हें सीधी एंट्री मिलेगी, जबकि बाकी टीमों को क्वालीफायर खेलना पड़ेगा।

वेस्टइंडीज पर मंडराया खतरा

मौजूदा रैंकिंग को देखें तो बांग्लादेश और वेस्टइंडीज टॉप 8 से बाहर हैं। खासतौर पर वेस्टइंडीज के लिए खतरा ज्यादा है, क्योंकि अगर टीम अपनी रैंकिंग में सुधार नहीं करती है तो उसे क्वालीफायर खेलना पड़ेगा और वहां भी चुनौती आसान नहीं होगी।

वेस्टइंडीज एक समय विश्व क्रिकेट की सबसे ताकतवर टीमों में से एक थी। उसने 1975 और 1979 में लगातार दो बार वनडे विश्व कप का खिताब जीता था और 1983 के फाइनल तक भी पहुंची थी। हालांकि इसके बाद टीम का प्रदर्शन गिरता गया और अब हालात ऐसे हैं कि उसकी विश्व कप में एंट्री भी मुश्किल नजर आ रही है।

फिलहाल अंतिम सूची आने में समय है और तब तक कई समीकरण बदल सकते हैं। वेस्टइंडीज और बांग्लादेश दोनों के पास अपनी स्थिति सुधारने का मौका है। आने वाले महीनों में रैंकिंग की जंग और भी दिलचस्प होने वाली है, जिससे तय होगा कि कौन सी टीमें विश्व कप 2027 में जगह बना पाती हैं।

चमोली टनल हादसे में 3 की मौत, 16 मजदूर सुरक्षित बाहर; युद्धस्तर पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

Explainer: बिना चर्चा के 9 बिल पास, 380 सवालों में से सिर्फ 2 के ही मिले जवाब; आंकड़ों में मानसून सत्र का हाल

आज की ताजा खबर 13 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

वकील बनने से नहीं रोके जाएंगे NALSAR के छात्र, बैकफुट पर बार काउंसिल, चंद घंटों में बदला फैसला

NALSAR में CJI के विरोध पर BCI का बड़ा एक्शन, 2026 बैच के छात्रों के वकील बनने पर लगाई रोक