

Highlights:
अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतें फिर क्यों बढ़ाईं?
चारे और पशु आहार की बढ़ती लागत का दूध के दामों पर कितना असर पड़ा?
क्या आने वाले समय में भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है?
Amul Milk Price Rise Reason: दूध रोजमर्रा की जरूरत है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसकी कीमतें लगातार आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ा रही हैं। 12 नवंबर 2026 से अमूल और मदर डेयरी ने एक बार फिर दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। टोंड दूध की कीमत में 2 रुपये और फुल क्रीम दूध में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। मदर डेयरी का टोंड दूध अब 60 रुपये की जगह 62 रुपये और फुल क्रीम दूध 72 रुपये की जगह 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, अमूल ताजा 2 रुपये और अमूल गोल्ड 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।
अमूल ने अमूल ताजा की कीमत में 3.3 फीसदी और अमूल गोल्ड में 5.5 फीसदी की बढ़ोतरी की है। कंपनियों का कहना है कि किसानों से दूध खरीदने, पशुओं के चारे, पैकिंग और परिवहन की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लेना पड़ा है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर अमूल बार-बार दूध के दाम क्यों बढ़ाता है? क्या देश में दूध की कमी हो रही है या पशुओं को पालना पहले के मुकाबले ज्यादा महंगा हो गया है? आइए समझते हैं दूध की कीमतों के पीछे की पूरी अर्थव्यवस्था।
आमतौर पर ग्राहक को लगता है कि दूध की कीमत इसलिए बढ़ती है क्योंकि कंपनियां उसकी प्रोसेसिंग, पैकिंग और मार्केटिंग पर ज्यादा खर्च कर रही हैं। लेकिन दूध की कीमत बढ़ने की प्रक्रिया इससे काफी पहले शुरू हो जाती है।
मदर डेयरी के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में बारिश की अनियमितता और कहीं कम तो कहीं ज्यादा वर्षा के कारण हरे और सूखे चारे की उपलब्धता प्रभावित हुई है। पिछले एक साल में चारे की कीमतों में 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं, पशु आहार भी करीब 10 फीसदी महंगा हुआ है। इसके अलावा दूध की पैकिंग, ढुलाई और दूसरे परिचालन खर्चों में लगभग 25 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है।
अमूल का संचालन करने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने भी कम और अनियमित बारिश को कीमतें बढ़ने की वजह बताया है। कंपनी के अनुसार, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाली खल, मक्का और शीरे की कीमतें बढ़ी हैं। पैकिंग सामग्री और ईंधन भी महंगे हुए हैं।
इसका सीधा असर दूध उत्पादन की लागत पर पड़ता है। कंपनियों का कहना है कि पिछले एक साल में उनके सदस्य दूध संघों ने किसानों से दूध खरीदने की कीमत 4 से 5 फीसदी तक बढ़ाई है। यानी ग्राहक तक पहुंचने से पहले ही दूध महंगा हो चुका होता है।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी समझने के लिए पशुओं की खुराक को समझना जरूरी है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आरएस सोढ़ी के मुताबिक, दूध उत्पादन की कुल लागत में करीब 70 फीसदी हिस्सा पशुओं के चारे और पशु आहार का होता है। इसका मतलब है कि अगर पशुओं को खिलाने वाली चीजें महंगी होती हैं, तो दूध उत्पादन की लागत भी बढ़ जाती है।
ग्रामीण मामलों के जानकार और रूरल वॉयस के संपादक हरवीर सिंह भी चारे की महंगाई और उसकी कमी को दूध की कीमत बढ़ने की प्रमुख वजह मानते हैं। उनके मुताबिक, कुछ इलाकों में अलनीनो के प्रभाव और सूखे जैसी परिस्थितियों ने चारे की उपलब्धता पर दबाव डाला है।
पशुपालकों के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ उन्हें पशुओं को खिलाने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं, दूसरी तरफ पर्याप्त पोषण नहीं मिलने पर पशुओं के दूध देने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है।
इसलिए दूध महंगा होने का मतलब यह नहीं है कि पशुपालकों की कमाई भी उसी अनुपात में बढ़ रही है। उन्हें दूध बेचकर मिलने वाली रकम से चारा, पशु आहार और दूसरे खर्च निकालने पड़ते हैं।
अमूल और मदर डेयरी ने टोंड और फुल क्रीम दूध की कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी की है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह दूध में मौजूद फैट की मात्रा है।
अमूल के मुताबिक, उसके टोंड दूध में 3 फीसदी और फुल क्रीम दूध में 6 फीसदी फैट होता है। यानी फुल क्रीम दूध में टोंड के मुकाबले दोगुना फैट होता है। डेयरी कंपनियों के लिए फैट की उपलब्धता और उसकी खरीद लागत काफी मायने रखती है।
हरवीर सिंह के मुताबिक, दूध में फैट की कीमत बढ़ने का असर फुल क्रीम दूध पर ज्यादा पड़ता है। भैंस के दूध में आमतौर पर गाय के दूध के मुकाबले ज्यादा फैट होता है। इसलिए डेयरी कंपनियां केवल दूध की मात्रा नहीं देखतीं, बल्कि उसमें मौजूद फैट की मात्रा के आधार पर भी उसकी कीमत तय करती हैं।
इसका एक उदाहरण मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी है। कृषि और अर्थव्यवस्था मामलों के पत्रकार हरीश दामोदरन की 8 नवंबर को इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच डेयरी स्तर पर मक्खन की औसत कीमत 348 रुपये से बढ़कर 537 रुपये प्रति किलो हो गई। यानी इसमें करीब 54 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। मक्खन में लगभग 82 फीसदी फैट होता है।
इससे समझा जा सकता है कि दूध में मौजूद फैट और उससे बनने वाले उत्पादों की बढ़ती लागत भी फुल क्रीम दूध को महंगा करने में भूमिका निभाती है।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच एक सवाल यह भी उठता है कि क्या भारत में दूध का उत्पादन कम हो रहा है? कृषि मामलों के जानकार हरवीर सिंह के मुताबिक, फिलहाल दूध की सप्लाई पर दबाव है और उत्पादन मांग के अनुपात में तेजी से नहीं बढ़ रहा है।
हालांकि, सरकारी आंकड़े बताते हैं कि देश में दूध का कुल उत्पादन घटा नहीं है। साल 2022-23 में भारत में करीब 23.06 करोड़ टन दूध का उत्पादन हुआ था। 2023-24 में यह बढ़कर 23.93 करोड़ टन हो गया। लेकिन उत्पादन बढ़ने की रफ्तार में थोड़ी कमी जरूर आई है। 2022-23 में दूध उत्पादन की वृद्धि दर 3.83 फीसदी थी, जो 2023-24 में घटकर 3.78 फीसदी रह गई।
इसलिए दूध का कुल उत्पादन घटना और उत्पादन की रफ्तार धीमी होना दो अलग-अलग बातें हैं। हरवीर सिंह बताते हैं कि आमतौर पर अगस्त से फरवरी के बीच पशु ज्यादा दूध देते हैं और बाजार में सप्लाई बढ़ती है। इस दौरान कई बार डेयरी कंपनियां किसानों से दूध खरीदने की कीमत भी कम कर देती हैं। लेकिन इस बार सर्दियों की शुरुआत में ही चारे की महंगाई और दूध की उपलब्धता पर दबाव की बात सामने आ रही है।
दूध की कीमतों में मौजूदा बढ़ोतरी को समझने के लिए पिछले कुछ वर्षों का हिसाब देखना भी जरूरी है। मार्च 2022 में मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध दिल्ली-एनसीआर में 57 रुपये प्रति लीटर और टोंड दूध 47 रुपये प्रति लीटर मिलता था।
अब फुल क्रीम दूध की कीमत 76 रुपये और टोंड दूध की कीमत 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यानी मार्च 2022 के मुकाबले फुल क्रीम दूध करीब 33 फीसदी और टोंड दूध लगभग 32 फीसदी महंगा हो चुका है।
हालांकि, हर ब्रांड की कीमतों में बदलाव का पैटर्न एक जैसा नहीं रहा। अमूल ने जनवरी 2025 में अपने एक लीटर वाले दूध के पैकेट की कीमत एक रुपये घटाई भी थी।
डॉ. आरएस सोढ़ी के मुताबिक, दूध उत्पादन की लागत लंबे समय से बढ़ रही है। दूसरी चीजों की महंगाई के मुकाबले दूध की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को वह बहुत ज्यादा नहीं मानते।
अमूल और मदर डेयरी दोनों का दूध बाजार में बड़ा हिस्सा है। ऐसे में जब कोई बड़ा ब्रांड कीमतों में बदलाव करता है, तो दूसरे ब्रांड और छोटे कारोबारी भी अपनी कीमतों की समीक्षा करते हैं।
हालांकि, दोनों कंपनियों का संगठनात्मक ढांचा अलग है। अमूल सहकारी दूध संघों के फेडरेशन का ब्रांड है, जबकि मदर डेयरी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है।
अमूल का कहना है कि ग्राहकों से मिलने वाले राजस्व का करीब 80 फीसदी हिस्सा सहकारी व्यवस्था के जरिए दूध उत्पादकों तक पहुंचता है। वहीं, मदर डेयरी के मुताबिक, दूध की बिक्री से मिलने वाली रकम का लगभग 75 से 80 फीसदी हिस्सा दूध खरीदने पर खर्च होता है।
इसका मतलब है कि दूध की बिक्री से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा किसानों को भुगतान करने में जाता है। जब पशुपालकों की उत्पादन लागत बढ़ती है, तो कंपनियों पर दूध खरीदने की कीमत बढ़ाने का दबाव भी आता है।
कुल मिलाकर, अमूल और मदर डेयरी की ओर से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे सिर्फ कंपनियों का परिचालन खर्च नहीं है। इसकी शुरुआत पशुओं के चारे और पशु आहार से होती है। इसके बाद दूध की खरीद, फैट की लागत, प्रोसेसिंग, पैकिंग और परिवहन का खर्च जुड़ता जाता है। यही वजह है कि दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे आम आदमी के घरेलू बजट पर पड़ता है।