ICC Player of the Month में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, देखें किसे पछाड़कर हासिल किया मुकाम

ICC Nominates: अरुंधत्ति रेड्डी को फरवरी 2026 के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। उन्होंने हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन कर यह सम्मान हासिल किया।
Indians Women's Cricket Team
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

ICC Player of The Month Award: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने 23 मार्च 2026 को फरवरी 2026 के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड्स का ऐलान कर दिया है। इस बार वुमेंस कैटेगरी में भारत की अरुंधत्ति रेड्डी ने बाजी मारी, जबकि मेंस कैटेगरी में पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को यह सम्मान मिला। दोनों खिलाड़ियों ने हालिया प्रदर्शन के दम पर यह अवॉर्ड अपने नाम किया है।

अरुंधत्ति रेड्डी का शानदार प्रदर्शन

भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज अरुंधत्ति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने तीन मैचों की टी20 सीरीज में कुल 8 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका औसत 10.87 रहा और उन्होंने 7.25 की इकॉनमी रेट से रन खर्च किए। सिडनी में खेले गए एक मुकाबले में रेड्डी ने 22 रन देकर 4 विकेट झटके, जो उनके करियर के बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक रहा।

कड़ी टक्कर के बीच जीता अवॉर्ड

फरवरी 2026 के इस अवॉर्ड के लिए अरुंधत्ति रेड्डी के साथ श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा और पाकिस्तान की फातिमा सना को भी नॉमिनेट किया गया था। हालांकि रेड्डी ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर दोनों खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए पहली बार प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब अपने नाम किया। यह उपलब्धि उनके करियर का एक बड़ा मुकाम मानी जा रही है।

अवॉर्ड जीतने के बाद क्या बोलीं रेड्डी?

अवॉर्ड जीतने के बाद अरुंधत्ति रेड्डी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीत में योगदान देना उनके लिए खास रहा, क्योंकि अपने घर में ऑस्ट्रेलिया को हराना आसान नहीं होता। रेड्डी ने यह भी कहा कि इस जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आने वाले वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भी इसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगी।

मेंस कैटेगरी में फरहान का जलवा

वहीं पुरुष वर्ग में पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स और अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्विक को पीछे छोड़ दिया।

हालांकि साहिबजादा फरहान की टीम टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन काफी शानदार रहा। उनकी बल्लेबाजी ने उन्हें इस अवॉर्ड का हकदार बना दिया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी पहचान को और मजबूत किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com