ODI World Cup 2027: वेस्टइंडीज की टेंशन बढ़ी, पाकिस्तान की हार ने बांग्लादेश के लिए खोला वर्ल्ड कप का रास्ता

ODI WC 2027: अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, लेकिन टूर्नामेंट से पहले वेस्टइंडीज टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
West Indias Cricket Team ODI World Cup 2026 Scenario
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

ODI World Cup 2027 Qualification Scenario: वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। टी20 विश्व कप 2026 के बाद आईसीसी का यह अगला बड़ा टूर्नामेंट होगा, जो अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में कौन-कौन सी टीमें हिस्सा लेंगी, इसकी तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होने लगी है। इसी बीच बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेली गई हालिया वनडे सीरीज ने वेस्टइंडीज की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब सवाल यह है कि क्या वेस्टइंडीज सीधे विश्व कप में जगह बना पाएगी या उसे क्वालीफायर खेलना पड़ेगा।

बांग्लादेश की जीत से बदला रैंकिंग का समीकरण

हाल ही में पाकिस्तान की टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने बांग्लादेश पहुंची थी। इस सीरीज में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया। पहला मुकाबला जीतकर बांग्लादेश ने बढ़त बनाई, जबकि दूसरे मैच में पाकिस्तान ने वापसी की। हालांकि तीसरे और निर्णायक मुकाबले में बांग्लादेश ने रोमांचक जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम कर ली। इस जीत का असर आईसीसी वनडे रैंकिंग पर भी पड़ा है। सीरीज से पहले बांग्लादेश की टीम रैंकिंग में दसवें स्थान पर थी, लेकिन जीत के बाद वह नौवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं दूसरी ओर वेस्टइंडीज की टीम एक पायदान नीचे खिसककर दसवें स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि आधिकारिक रैंकिंग अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन उपलब्ध आंकड़े इसी बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं।

दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा विश्व कप

वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। चूंकि दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे मेजबान देश हैं, इसलिए उन्हें सीधे टूर्नामेंट में जगह मिल चुकी है। इसके अलावा आठ टीमें आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर सीधे विश्व कप में पहुंचेंगी। यानी जो टीमें कटऑफ समय तक रैंकिंग में शीर्ष आठ में रहेंगी, वे बिना क्वालीफायर खेले टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।

ऐसे में अगर मौजूदा स्थिति को देखा जाए तो बांग्लादेश और वेस्टइंडीज दोनों ही टीमें फिलहाल शीर्ष आठ से बाहर हैं। इसका मतलब यह है कि अभी की स्थिति में इन दोनों टीमों को विश्व कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर खेलना पड़ सकता है। हालांकि अंतिम कटऑफ तारीख अभी दूर है, इसलिए रैंकिंग में बदलाव की पूरी संभावना बनी हुई है।

रैंकिंग सुधारने के लिए जीत जरूरी

अगर बांग्लादेश और वेस्टइंडीज को सीधे विश्व कप में जगह बनानी है तो उन्हें आने वाले महीनों में ज्यादा से ज्यादा वनडे मुकाबले जीतने होंगे। जीत मिलने पर ही रैंकिंग में सुधार होगा और शीर्ष आठ में पहुंचने का मौका बनेगा। आगामी कार्यक्रम की बात करें तो बांग्लादेश की टीम दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी। वहीं वेस्टइंडीज की टीम सितंबर-अक्टूबर में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने वाली है। इन सीरीज के नतीजे ही काफी हद तक तय करेंगे कि दोनों टीमों की विश्व कप 2027 में राह कितनी आसान या मुश्किल रहने वाली है।