शुरुआती दो मैचों के बाद हैमिल्टन में होने वाला तीसरा वनडे भी रद्द होने की कगार पर है।
भारतीय टीम फिलहाल इस सीरीज में अजेय बढ़त बनाए हुए है।
मौसम विभाग ने कल मैच के दौरान रुक-रुक कर बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
India vs New Zealand Rain Forecast: भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के लगातार दो मुकाबलों के बारिश से प्रभावित होने के बाद, अब तीसरे मैच पर भी रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-0 से आगे है, लेकिन कल यानी बुधवार, 10 नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में होने वाले मुकाबले में मौसम एक बार फिर विलेन बन सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, वाइकाटो क्षेत्र में मैच वाले दिन पूरे समय रुक-रुककर बारिश होने की आशंका है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह अच्छी खबर नहीं है। अगर मैच के दिन बारिश आती है और फिर रूक जाती है तो भी दर्शकों की संख्या कम हो सकती है।
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने सीरीज की शुरुआत शानदार तरीके से की है। ऑकलैंड के ईडन पार्क और वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में खेले गए शुरुआती दोनों मुकाबलों में भारत ने डकवर्थ लुईस नियम (DLS) के तहत जीत दर्ज की थी।
वेलिंगटन में टीम की जीत आसान नहीं थी, जहां 135 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 113 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन अंत में DLS नियम से 4 रन से बाजी मार ली। अगर हैमिल्टन में मुकाबला होता है और भारत जीतता है, तो वह सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर लेगा। वहीं, कीवी टीम वापसी की तलाश में होगी।
दरअसल, भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह तीसरा वनडे स्थानीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होना है। एक्यूवेदर के पूर्वानुमान के मुताबिक, मैच के दौरान आसमान में 85 से 90 प्रतिशत तक घने बादल छाए रहेंगे।
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि टॉस और मैच के शुरुआती ओवरों के दौरान लगातार तेज बारिश हो सकती है। मंगलवार को हैमिल्टन में 25 मिमी से अधिक बारिश होने का अनुमान है, जिससे आउटफील्ड गीली रहेगी और ग्राउंड्समैन को खेल शुरू कराने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, हैमिल्टन में दोपहर से लेकर शाम तक तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, लेकिन तेज हवाओं के कारण वास्तविक महसूस होने वाला तापमान इससे काफी कम रह सकता है। देर रात तक पारा गिरकर 12-13 डिग्री तक पहुंच सकता है।
इसके अलावा, मैच के शुरुआती घंटों में 46 किमी/घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जो बाद में घटकर 15 से 22 किमी/घंटे तक आ जाएंगी। खिलाड़ियों के लिए इन परिस्थितियों में ढलना आसान नहीं होगा।
हैमिल्टन में बीते शनिवार को भी बारिश हुई थी और सोमवार व मंगलवार को भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। लगातार बारिश की वजह से ग्राउंड्समैन को पिच तैयार करने का पर्याप्त समय नहीं मिला है और पिच लंबे समय से कवर्स के नीचे है। यदि 10 नवंबर को लगातार तेज बारिश होती है और खेल में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, तो मैच को रद्द घोषित कर दिया जाएगा।
चूंकि द्विपक्षीय सीरीज में किसी मैच के लिए कोई 'रिजर्व डे' (अतिरिक्त दिन) निर्धारित नहीं होता है, इसलिए मुकाबला रद्द होने की स्थिति में भी भारतीय टीम 2 मैच बाकी रहते सीरीज में अपनी 2-0 की बढ़त बरकरार रखेगी।