

ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल और क्वालीफायर प्लेऑफ की तारीखों का ऐलान
टीम इंडिया 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी
नेपाल दिसंबर में क्वालीफायर प्लेऑफ की मेजबानी करेगा
2027 Cricket World Cup Tickets: ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल और क्वालीफायर प्लेऑफ की तारीखों का ऐलान कर दिया है। टीम इंडिया 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जबकि 10 अक्टूबर को पाकिस्तान से महामुकाबला होगा।
इसके साथ ही नेपाल दिसंबर में क्वालीफायर प्लेऑफ की मेजबानी करेगा। टिकटों के लिए अब तक 1.5 करोड़ से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पुरुषों के वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर दो बड़ी घोषणाएं की हैं। आईसीसी ने पुष्टि की है कि आगामी वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ इसी साल दिसंबर में नेपाल में आयोजित किया जाएगा।
इसके साथ ही, अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले मुख्य टूर्नामेंट के लिए शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम का पूरा शेड्यूल भी सामने आ गया है। 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक चलने वाले इस मेगा टूर्नामेंट की टिकटों के लिए फैंस में जबरदस्त दीवानगी देखी जा रही है।
आईसीसी के अनुसार, 2027 वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर में उपलब्ध आखिरी चार स्थानों के लिए कुल आठ टीमों के बीच जंग होगी। इस क्वालीफायर प्लेऑफ की शुरुआत 4 दिसंबर से नेपाल में होगी।
उद्घाटन मैच: 4 दिसंबर को मेजबान नेपाल का मुकाबला त्रिभुवन यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर इटली से होगा।
दूसरा मैच: इसी दिन मुलापानी क्रिकेट ग्राउंड पर नामीबिया और युगांडा की टीमें आमने-सामने होंगी।
शामिल अन्य टीमें: कनाडा, कुवैत, जर्सी और संयुक्त अरब अमीरात (UAE)।
इस 10 टीमों वाले ग्लोबल क्वालीफायर में आयरलैंड और वेस्टइंडीज पहले से ही जगह बना चुके हैं, जो सीधे क्वालीफाई करने वाली टीमों के बाहर सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीमें हैं। इसके अलावा आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 से अमेरिका, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और ओमान ने क्वालीफाई किया है। इस ग्लोबल क्वालीफायर की विजेता टीम सीधे वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में पहुंचेगी, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें 'सुपर सीरीज' खेलेंगी।
50 ओवरों के इस शीर्ष टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से कर रहे हैं। टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। आईसीसी ने अपने बयान में बताया कि अब तक टिकटों के लिए 1 करोड़ 50 लाख 83 हजार 752 आवेदन मिल चुके हैं। इसके लिए 142 देशों के प्रशंसकों ने 44 लाख 23 हजार 417 रजिस्ट्रेशन कराए हैं।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजोग गुप्ता ने कहा, "टिकटों की यह भारी मांग क्रिकेट विश्व कप की लोकप्रियता, पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका के आकर्षण और आईसीसी व उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों से पैदा हुई उत्सुकता का जीता-जागता प्रमाण है।
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। इस बार टीम इंडिया की कमान स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में होगी। नवनिर्मित विक्टोरिया फॉल्स स्टेडियम भी इस बार विश्व कप मैचों की मेजबानी करेगा।
टीम इंडिया के मैचों का शेड्यूल:
7 अक्टूबर: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (न्यूलैंड्स स्टेडियम, केपटाउन)
10 अक्टूबर: भारत बनाम पाकिस्तान (वांडरर्स स्टेडियम, जोहानिसबर्ग) - महामुकाबला
14 अक्टूबर: भारत बनाम क्वालीफायर टीम (सेंचुरियन, त्शवाने)
24 अक्टूबर: भारत बनाम जिम्बाब्वे (विक्टोरिया फॉल्स स्टेडियम)
पहला सेमीफाइनल: 17 नवंबर (केपटाउन)
दूसरा सेमीफाइनल: 18 नवंबर (सेंचुरियन)
फाइनल मैच: 21 नवंबर (वांडरर्स स्टेडियम, जोहानिसबर्ग)