ईशान किशन (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

झारखंड ने SMAT 2025 का खिताब जीतकर रचा इतिहास, ईशान किशन और अनुकूल रॉय ने खेली विस्फोटक पारी

SMAT 2025: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का फाइनल पुणे में खेला गया, जहां बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच पर झारखंड ने हरियाणा को हराकर इतिहास रच दिया। कप्तान ईशान किशन का प्रदर्शन शानदार रहा।

संजय सिंह बिष्ट

Jharkhand Won SMAT 2025 Title: पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में झारखंड ने इतिहास रच दिया। खिताबी मुकाबले में झारखंड ने हरियाणा को 69 रनों से हराकर पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की। टॉस जीतकर हरियाणा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उसके लिए पूरी तरह गलत साबित हुआ।

ईशान किशन की कप्तानी पारी ने बदला मैच का रुख

पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और विराट सिंह सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान और सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया। ईशान ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने 49 गेंदों में 101 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने फाइनल मुकाबले की दिशा तय कर दी।

कुमार कुशाग्र और निचले क्रम का विस्फोट

ईशान किशन के अलावा कुमार कुशाग्र ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की गेंदबाजी की कमर तोड़ दी। कुशाग्र ने सिर्फ 38 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे। अंतिम ओवरों में अनुकूल रॉय और रोबिन मिंज ने भी तेजी से रन बटोरे। अनुकूल रॉय ने 20 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए, जबकि रोबिन मिंज ने 14 गेंदों में नाबाद 31 रन जड़ दिए। इन सभी पारियों के दम पर झारखंड ने 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 262 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हरियाणा की ओर से सुमित कुमार, अंशुल कंबोज और सामंत जाखड़ को एक-एक विकेट मिला।

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। पहले ओवर में ही विकास सिंह ने दो अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर झारखंड को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि यशवर्धन दलाल ने 22 गेंदों में 53 रन और निशांत सिंधू ने 15 गेंदों में 31 रन बनाकर संघर्ष किया। अंत में सामंत जाखड़ ने 17 गेंदों में 38 रन जरूर बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

झारखंड पहली बार बना चैंपियन

हरियाणा की पूरी टीम 193 रनों पर सिमट गई और झारखंड ने मुकाबला 69 रनों से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतकर नया इतिहास रच दिया। ईशान किशन की कप्तानी और टीम के सामूहिक प्रदर्शन ने इस खिताबी जीत को खास बना दिया।

Microsoft आउटेज से हवाई सेवाओं पर असर, स्पाइसजेट की 3 उड़ानें रद्द; इंडिगो और एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर बढ़ा 5 साल का बैन, जानें क्यों केंद्र सरकार ने जाकिर नाइक के IRF पर फिर कसा शिकंजा

अमूल और मदर डेयरी दूध की कीमतें बार-बार क्यों बढ़ाती है? जानें 5 बड़े कारण

आधी बर्थ के लिए पूरा किराया क्यों? रेलवे खत्म करेगा RAC टिकट सिस्टम! बर्थ शेयरिंग पर मिल सकते हैं नए विकल्प

पंजाब में AAP ने एक मंत्री समेत 7 विधायकों के टिकट क्यों काटे? जानें इसके पीछे का कारण