1st Team To Win 200 T20 Matches In International Cricket: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में मंगलवार को मेजबान जापान को 2 रन से हराकर T20 क्रिकेट में अपनी 200वीं जीत दर्ज की। भारत 200 T20 मैच जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। भारत ने अपने पहले ही T20 इंटरनेशनल मुकाबले में जीत हासिल की थी। 1 दिसंबर 2006 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मैच में भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।
इसके बाद भारत ने 2017 में श्रीलंका को हराकर अपनी 50वीं T20 जीत हासिल की। कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। भारत ने 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 8 रन से जीत के साथ 100वीं जीत पूरी की थी।
भारत ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाफ 24 रन की जीत के साथ 150वीं जीत हासिल की। अब जापान के खिलाफ 2 रन की जीत के साथ टीम ने 200 जीत का आंकड़ा छू लिया है।
भारत ने अपनी पहली 50 T20 जीत के लिए 83 मैच खेले। 51वीं से 100वीं जीत तक पहुंचने के लिए टीम ने 72 मैच, 101वीं से 150वीं जीत के लिए 70 मैच और 151वीं से 200वीं जीत तक पहुंचने के लिए 66 मैच खेले। यानी भारत ने अपनी आखिरी 50 जीत सबसे कम 66 मैचों में हासिल की हैं।
भारत और जापान के बीच मुकाबला सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। बारिश और गीले मैदान के कारण मैच को 20 ओवर से घटाकर 5-5 ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम ने 5 ओवर में 4 विकेट पर 32 रन बनाए।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 16 रन बनाए। जापान को जीत के लिए 33 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन टीम 5 ओवर में 3 विकेट पर 30 रन ही बना सकी। भारत ने यह मुकाबला 2 रन से जीत लिया। श्रेयस अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।