Jeet Raval Retirement All Format Cricket: न्यूजीलैंड टीम के पूर्व टेस्ट सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने प्रोफेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 38 वर्षीय रावल ने यह बड़ा फैसला 2026-27 के घरेलू सीजन की शुरुआत से ठीक पहले लिया है।
गुजरात के अहमदाबाद में जन्मे रावल ने न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट मैच खेले और वे 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का खिताब जीतने वाली कीवी टीम का हिस्सा भी रहे।
क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद रावल अब बतौर चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अपने करियर को आगे बढ़ाएंगे। वे वर्तमान में एक ऑडिटिंग फर्म में सीए के रूप में कार्यरत हैं। संन्यास की घोषणा करते हुए रावल ने बताया कि न्यूजीलैंड के लिए खेलना उनका और उनके पिता का बचपन का सपना था।
इस सपने को पूरा करने के लिए उनका पूरा परिवार भारत से ऑकलैंड शिफ्ट हो गया था। उन्होंने अपने स्कूली दिनों में भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल के साथ अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में ओपनिंग भी की थी।
जीत रावल ने दिसंबर 2008 में ऑकलैंड की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। अपने करियर में उन्होंने 164 फर्स्ट क्लास मैचों में 37.66 की औसत से 10,432 रन बनाए, जिसमें 24 शतक और 50 अर्धशतक शामिल हैं। बतौर ओपनर उनका रिकॉर्ड बेहद प्रभावित करने वाला रहा, उन्होंने 292 पारियों में से 285 में ओपनिंग करते हुए 10,127 रन और 23 शतक जड़े।
जीत रावल ने नवंबर 2016 में पाकिस्तान टीम के खिलाफ क्राइस्टचर्च में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 2016 से 2020 के बीच खेले 24 टेस्ट मैचों में 30.07 की औसत से 1,143 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 7 अर्धशतक निकले। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 132 रन रहा।
दिलचस्प बात यह है कि रावल को टेस्ट करियर का पहला शतक लगाने के लिए 28 पारियों का लंबा इंतजार करना पड़ा था। नार्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपने इस सफर पर गर्व और संतुष्टि व्यक्त की।