

TVK के विधायक पर लगा महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार का आरोप
डीएमके सांसद कनिमोझी ने उठाया कि मुख्यमंत्री विजय पर सवाल
सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने भी कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी स्वतः लिया संज्ञान, आयोग की अध्यक्ष ने लिखा पत्र
Kallakurichi District Collector Complaint: तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में महिला जिला कलेक्टर के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। सत्ताधारी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश पर लगे आरोपों के बाद कांग्रेस और डीएमके ने राज्य सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। TVK विधायक पर आरोप है कि उन्होंने महिला IAS अधिकारी को वॉट्सऐप पर अश्लील संदेश भेजे और उनके पहनावे व रूप-रंग को लेकर अनुचित टिप्पणियां की है।
जिला कलेक्टर की ओर से पुलिस अधीक्षक (SP) को औपचारिक शिकायत दिए जाने के बाद कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने विधायक के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, डीएमके सांसद कनिमोझी ने मुख्यमंत्री विजय से पूछा है कि वह अपनी पार्टी के विधायक पर कार्रवाई कब करेंगे।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटनाक्रम को चौंकाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जब एक महिला अधिकारी ने स्वयं शिकायत दर्ज कराई है, तो मामले में बिना देरी किए कानूनी प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए।
उन्होंने तमिलनाडु सरकार से हस्तक्षेप करने और जिला कलेक्टर को न्याय दिलाने की अपील की। टैगोर ने यह भी कहा कि सरकारी पद पर काम करने वाली महिला अधिकारियों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। राजनीतिक पद किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाता।
डीएमके सांसद कनिमोझी ने जिला कलेक्टर की हिम्मत की सराहना करते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो कार्यस्थल पर उत्पीड़न का सामना करती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री विजय अब तक अपने विधायक के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर पाए हैं? क्या सरकार महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देगी या अपने राजनीतिक सहयोगी का बचाव करेगी?
कनिमोझी ने कहा कि न्याय मिलने में देरी का अर्थ न्याय से वंचित रहना है। उन्होंने इस मुद्दे पर पहले सवाल उठाने वाले नेताओं और डीएमके की आलोचना करने वालों से भी जवाब मांगा।
मामले का राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने को कहा है। आयोग ने सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है। अब पुलिस जांच और राज्य सरकार की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।