

Pakistan vs Sri Lanka First T20 Match: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका के बीच आज यानी शुक्रवार, 9 अक्टूबर से तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है, जिसका पहला मुकाबला आज रावलपिंडी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच समयानुसार, शाम 6:30 बजे शुरू होगा। इस सीरीज में पाकिस्तान टीम की कमान साहिबजादा फरहान के हाथों में है।
घरेलू मैदान और अपनी जानी-पहचानी परिस्थितियों का फायदा उठाकर जहां पाकिस्तान टीम इस टी-20 सीरीज में 1-0 की मजबूत बढ़त बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी तो वहीं दूसरी ओर, श्रीलंकाई टीम अपने जुझारू खेल और बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान को कड़ी चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार है। बता दें कि रावलपिंडी की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के अनुकूल रही है, जिससे फैंस को एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।
पाकिस्तान के नए टी-20 कप्तान साहिबजादा फरहान ने मैच शुरू होने से पहले बीते गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि उनकी टीम श्रीलंका के खिलाफ अटैकिंग क्रिकेट खेलेगी। उन्होंने कहा कि कप्तानी में दबाव रहता है। घरेलू सीरीज में पहली बार पाकिस्तान की कप्तानी करना सम्मान की बात है।
नई चुनौती को लेकर उत्साहित हूं। फरहान ने 2026 T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की कप्तानी करने वाले सलमान अली आगा की जगह ली है। सलमान को 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है।
फरहान ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे पाकिस्तान के कप्तान बनेंगे। उन्होंने नेशनल टीम की कप्तानी देखने की अपने पिता की इच्छा का भी जिक्र किया। फरहान ने कहा कि मैंने खुद को कभी पाकिस्तान के कप्तान के रूप में नहीं देखा था। वहीं पिता की दुआ को याद करते हुए फरहान ने कहा कि माता-पिता की दुआएं सच में पूरी होती हैं।
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में मैच को लेकर पाकिस्तानी दर्शकों का उत्साह चरम पर है। कयास लगाए जा रहे है कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। इस बार भी युवा खिलाड़ियों से सजी पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरेंगी। टी-20 क्रिकेट के इस महामुकाबले में पावरप्ले का खेल और डेथ ओवरों की गेंदबाजी मैच का रुख तय करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगी।
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच आज होने वाले टी-20 मैच को भारत में क्रिकेट फैंस इसका लाइव फैन कोड एप्प के जरिए देख सकते है। वहीं इसके अलावा वे युट्युब पर Sports TV के माध्यम से मैच का लुफ्त उठा सकते है।
पाकिस्तान में लंबे समय बाद होम सीरीज होने जा रही है, ऐसे में इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।