भारत बनाम साउथ अफ्रीका, महिला वनडे विश्वकप 2025 फाइनल (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

भारत ने साउथ अफ्रीका को बीते 2 साल में 2 बार हराया, जीत की हैट्रिक के लिए तैयार 'हरमन एंड कंपनी'

IND vs SA ICC Final Match: महिला वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। इस मैच में पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।

संजय सिंह बिष्ट

IND W vs SA W ODI Final Match 2025: महिला वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला अब बस कुछ ही कदम दूर है, जहां हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम का सामना शानदार फॉर्म में चल रही दक्षिण अफ्रीका से होगा। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और सेमीफाइनल में सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। अब टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है, क्योंकि भारत साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले ही दो आईसीसी फाइनल जीत चुका है। ये बात पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2024 और महिला अंडर-19 वर्ल्ड कप 2025 की है।

कोहली की यादगार पारी से भारत ने जीता था टी20 वर्ल्ड कप फाइनल (2024)

पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था। उस रोमांचक मैच में विराट कोहली ने अपनी क्लास का शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक जड़ा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कोहली ने 76 रनों की पारी खेली थी, जबकि अक्षर पटेल ने 47 रन बनाकर अहम योगदान दिया। इन दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने 176 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं पाई। अफ्रीकी टीम 169 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 7 रनों से जीत लिया। विराट कोहली को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की यादगार उपलब्धियों में से एक बन गई।

अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप में भी अफ्रीका को मिली थी करारी हार (2025)

फरवरी 2025 में हुए महिला अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने-सामने थीं। इस बार भी नतीजा एकतरफा रहा और भारतीय टीम ने अफ्रीका को 9 विकेट से मात दी। साउथ अफ्रीका की बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहीं और टीम सिर्फ 82 रन ही बना सकी। केवल चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू पाईं।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की गोंगाडी त्रिशा ने दमदार बल्लेबाजी की और 33 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 8 चौके शामिल थे। उनके साथ सानिका चलके ने 22 गेंदों में 26 रन जोड़े। दोनों की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने सिर्फ 11.2 ओवर्स में लक्ष्य हासिल कर लिया। त्रिशा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ दोनों पुरस्कार मिले।

अब महिला वर्ल्ड कप 2025 में तीसरी आईसीसी फाइनल जीत का मौका

अब एक बार फिर भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने-सामने हैं। इस बार महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया बेहतरीन लय में है और सेमीफाइनल में उसने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया। वहीं लौरा वोल्वार्ड्ट की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को 125 रनों के विशाल अंतर से मात दी।

दोनों टीमों के पास दमदार बल्लेबाज और अनुभवी गेंदबाज हैं, जो किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। अगर भारत यह फाइनल जीत लेता है, तो वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार तीसरा आईसीसी फाइनल अपने नाम कर इतिहास रच देगा।

Explainer: कब-कब विवादों में घिरे धीरेंद्र शास्त्री? 10 बयानों पर हुआ विरोध, कई बार मांगनी पड़ी माफी

Diwali Trains: मुंबई-नागपुर के बीच 12 और स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, 4 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग; जानिए शेड्यूल

राहुल ने PM मोदी को दी खुली चुनौती: बोले- डरिए मत, मंच पर आमने-सामने बैठिए; राजनाथ-समेत 4 नेताओं से की अपील

SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब तो भी भर सकेंगे फॉर्म-6, चुनाव आयोग ने दी बड़ी राहत

दिवाली-छठ पर यूपी-बिहार वालों को ट्रेनों में मिल सकता है कन्फर्म टिकट, रेलवे चला रहा करीब 2,000 स्पेशल ट्रेनें