न्यूजीलैंड के खिलाफ युवा पेसर गुरनूर बराड़ का टेस्ट डेब्यू सोर्स- सोशल मीडिया
क्रिकेट

IND vs NZ 2nd Test: क्राइस्टचर्च टेस्ट में गुरनूर बराड़ का डेब्यू, मोहम्मद सिराज और जडेजा फिर हुए नजरअंदाज

Gurnoor Brar Test Debut: क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं, जबकि मोहम्मद सिराज-रवींद्र जडेजा फिर से प्लेइंग-11 से बाहर हैं।

राहुल उपाध्याय

Highlights:

  • क्राइस्टचर्च में शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है।

  • प्रसिद्ध कृष्णा की जगह युवा पेसर गुरनूर बराड़ टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं।

  • मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को फिर प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली है।

  • दो टेस्ट मैचों की सीरीज का यह दूसरा और आखिरी मुकाबला बेहद अहम है।

Christchurch Test Playing XI, IND vs NZ Test Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और निर्णायक मुकाबला आज यानी शुक्रवार से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर शुरू हो गया है। इस अहम मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में केवल एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की जगह युवा पेसर गुरनूर बराड़ को मौका दिया गया है, जो आज अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं। हालांकि, अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद सिराज और स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को एक बार फिर बेंच पर ही बैठना पड़ा है।

गुरनूर बराड़ को मिली 321 नंबर की टेस्ट कैप

क्राइस्टचर्च की पिच पर तेज गेंदबाजों को मिलने वाली मदद को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने गुरनूर बराड़ पर भरोसा जताया है। मैच शुरू होने से पहले टीम के सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने गुरनूर को टेस्ट कैप सौंपी।

दरअसल, बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि गुरनूर भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 321वें खिलाड़ी बन गए हैं। बता दें कि गुरनूर ने इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू भी किया था।

सिराज और जडेजा की अनदेखी जारी

क्राइस्टचर्च की हरी और तेज पिच को देखते हुए क्रिकेट फैंस को उम्मीद थी कि मोहम्मद सिराज की प्लेइंग इलेवन में वापसी होगी। लेकिन वेलिंगटन टेस्ट की तरह यहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। हैरानी की बात यह है कि सिराज को इस दौरे पर वनडे और टेस्ट सीरीज के कुल 7 मुकाबलों के लिए चुना गया था, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ पांचवें वनडे में ही खेलने का मौका मिला है। सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज को लगातार बाहर रखने पर क्रिकेट विशेषज्ञों की राय भी बंटी हुई है।

हालांकि, पहले टेस्ट के बाद कप्तान शुभमन गिल ने साफ कहा था कि सिराज फिलहाल अपनी पुरानी लय में नजर नहीं आ रहे हैं। सिराज के अलावा रवींद्र जडेजा को भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। यह फैसला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि पिछली इंग्लैंड सीरीज को ड्रॉ कराने में इन दोनों खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई थी।

टॉस के बाद क्या बोले दोनों कप्तान?

टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच काफी अच्छी लग रही है और इसमें थोड़ी नमी भी है। हमें उम्मीद है कि शुरुआती दो सेशन में हमारे गेंदबाज इसका पूरा फायदा उठाएंगे। टीम की तैयारियां शानदार हैं। हमने सिर्फ एक बदलाव किया है, प्रसिद्ध कृष्णा की जगह गुरनूर बराड़ अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे हैं।

वहीं, न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लेथम ने कहा कि अगर वे टॉस जीतते तो पहले गेंदबाजी ही चुनते। लेथम के मुताबिक, हेगले ओवल की पिच पहले दिन थोड़ी धीमी रह सकती है। शुरुआत में नमी रहेगी, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजी आसान होती जाएगी। पिछले मैच में जब हम दबाव में थे, तब खिलाड़ियों ने अलग-अलग मौकों पर शानदार खेल दिखाया। हमने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।"

दूसरे टेस्ट के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत की प्लेइंग-11:

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़ और जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11:

टॉम लेथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिशेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और जैकब डफी।

कन्हैया कुमार का चुनाव आयोग और केंद्र पर निशाना, बोले- मतदाता सूची से नाम हटाना लोकतंत्र के लिए खतरा

December Public Holidays List: दिसंबर में कब-कब रहेंगी छुट्टियां? यहां देखें पूरी लिस्ट

इंदौर पहुंचे केंद्रीय मंत्री का विरोध: काफिले के सामने छात्र ने लगाए "Hardeep Puri Go Back" के नारे- वीडियो

संसद का एक दिन का विशेष सत्र, 30 नवंबर को लोकसभा; 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक

पाकिस्तान की नींद उड़ाने आया भारत का भार्गवस्त्र, ड्रोन हमलों का देगा मुंह तोड़ जवाब; पास किया आखिरी टेस्ट