

'मिस्टर आईपीएल' सुरेश रैना आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं।
वे भारत के सबसे बेहतरीन मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाजों और तेज फील्डरों में गिने जाते हैं।
उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में भारत के लिए पहला शतक लगाया था।
वे 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी की विजेता टीम का हिस्सा रहे।
First Indian To Score Century In T20I: टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और 'मिस्टर आईपीएल' के नाम से मशहूर सुरेश रैना आज, 27 नवंबर को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। भारतीय क्रिकेट इतिहास में जब भी सबसे बेहतरीन मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाजों और बिजली जैसी तेज फील्डिंग करने वाले खिलाड़ियों की बात होती है, तो रैना का नाम सबसे ऊपर आता है।
दरअसल, टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए पहला शतक जड़ने से लेकर टीम इंडिया को 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताने तक, रैना ने अपने करियर में कई ऐतिहासिक मुकाम हासिल किए, जो आज भी इतिहा के पन्नों पर दर्ज है।
सुरेश रैना का जन्म 27 नवंबर 1986 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर में हुआ था। रैना को क्रिकेट का शौक अपने बड़े भाई मुकेश को खेलते देखकर लगा। वह बचपन में भाई के साथ मुरादनगर के वीनस क्रिकेट क्लब जाया करते थे। यहीं से उन्होंने इस खेल में अपना भविष्य बनाने की ठान ली।
क्लब स्तर पर लगातार रनों का अंबार लगाने के बाद उन्होंने जल्द ही उत्तर प्रदेश की अंडर-16, अंडर-17 और अंडर-19 टीमों में जगह बनाई। साल 2003 में उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में कदम रखा। घरेलू क्रिकेट में रैना ने 109 फर्स्ट-क्लास मैचों में 42.15 की शानदार औसत से 6,871 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 45 अर्धशतक शामिल हैं।
घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के दम पर रैना को साल 2005 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू करने का मौका मिला। इसके एक साल बाद, दिसंबर 2006 में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला। 2 मई 2010 का दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया।
टी20 विश्व कप के एक मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रैना ने महज 60 गेंदों में 101 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। इसी साल (2010) उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू पर भी 120 रनों की शतकीय पारी खेली और क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया।
साल 2011 में भारत को 28 साल बाद वनडे विश्व चैंपियन बनाने में सुरेश रैना की भूमिका बेहद निर्णायक रही थी। भले ही शुरुआती मैचों में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला, लेकिन नॉकआउट मुकाबलों में उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की। क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दबाव भरी परिस्थितियों में रैना ने नाबाद 34 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
इसके बाद सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 36 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इसके अलावा, साल 2013 में एमएस धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का भी वह अहम हिस्सा रहे।
इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी सुरेश रैना का दबदबा बेमिसाल रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते हुए फैंस ने उन्हें प्यार से 'चिन्ना थाला' और 'मिस्टर आईपीएल' का नाम दिया।
रैना ने अपने आईपीएल करियर में कुल 205 मैच खेले और 32.51 की औसत व 136.73 के स्ट्राइक रेट से 5,528 रन बनाए।
इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 39 अर्धशतक निकले, जिसमें 506 चौके और 203 छक्के शामिल हैं।
साल 2014 के क्वालीफायर-2 में पंजाब के खिलाफ खेली गई उनकी 25 गेंदों में 87 रनों की पारी आज भी आईपीएल इतिहास की सबसे विस्फोटक पारियों में गिनी जाती है।
वह आईपीएल के पहले ऐसे खिलाड़ी बने थे जिन्होंने 5,000 रनों का आंकड़ा पार किया था। साथ ही, आईपीएल में 109 कैच पकड़ने का शानदार रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है। वह CSK की 4 खिताबी जीत (2010, 2011, 2018, 2021) का हिस्सा रहे।
आपको बता दें कि सुरेश रैना ने भारत के लिए कुल 226 वनडे मैचों में 35.31 की औसत से 5,615 रन बनाए। वहीं, 78 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 134.87 के स्ट्राइक रेट से 1,605 रन जोड़े। टेस्ट क्रिकेट में उन्हें 18 मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 768 रन बनाए।
तीनों फॉर्मेट को मिलाकर रैना ने कुल 7 शतक और 48 अर्धशतक लगाए, साथ ही अपनी उपयोगी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से इंटरनेशनल क्रिकेट में 62 विकेट भी चटकाए। मैदान पर एमएस धोनी के सबसे भरोसेमंद साथी रहे रैना ने 15 अगस्त 2020 को धोनी के संन्यास के ऐलान के कुछ ही मिनटों बाद खुद भी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।