Mohammed Siraj Selection Controversy: भारतीय क्रिकेट टीम से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने के फैसले पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा, मौलाना कारी इशाक गोरा और पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। लखनऊ में, समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने टीम से सिराज को बाहर रखने पर सवाल उठाए और कोच गौतम गंभीर की भूमिका की आलोचना की। वहीं, सहारनपुर में मौलाना कारी इशाक गोरा ने भी चयन प्रक्रिया में धार्मिक भेदभाव के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर होना चाहिए, न कि धर्म के आधार पर। दूसरी ओर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने इस विवाद में धार्मिक पहलू के जुड़ने पर चिंता जताई। हालांकि, क्रिकेट के नजरिए से भी वे सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले से सहमत नहीं थे। उन्होंने कहा कि सिराज एक अनुभवी गेंदबाज हैं और उन्हें टीम में शामिल किया जाना चाहिए था।