Hardik Pandya IPL 2026: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की थी, जब उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया था। लेकिन 4 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में कप्तान हार्दिक पांड्या नहीं खेले, जिसकी कमी टीम को साफ तौर पर महसूस हुई। बीमारी के चलते उन्हें आराम दिया गया था, जिससे फैंस के मन में उनकी वापसी को लेकर सवाल खड़े हो गए थे।
अब हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेला जाएगा और इस मैच के लिए हार्दिक टीम के साथ रवाना हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही ट्रेनिंग शुरू करेंगे और इस मैच के जरिए मैदान पर वापसी कर सकते हैं। दिल्ली के खिलाफ मैच के दौरान उनकी तबीयत ज्यादा गंभीर नहीं थी, लेकिन टीम मैनेजमेंट शुरुआती चरण में किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता था। इसी वजह से उन्हें आराम दिया गया।
हार्दिक पांड्या बीमारी के चलते दो ट्रेनिंग सेशन में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे। टीम ने एहतियात के तौर पर उन्हें पूरी तरह फिट होने का समय दिया। अब उनकी स्थिति बेहतर बताई जा रही है और वह जल्द ही पूरी तरह फिट होकर मैदान पर उतर सकते हैं।
मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहद अहम होने वाला है। टीम चाहेगी कि उनके कप्तान इस मैच में वापसी करें और टीम को मजबूती दें। हार्दिक की मौजूदगी से टीम का संतुलन बेहतर होता है, खासकर ऑलराउंडर के रूप में उनका योगदान काफी अहम रहता है।
ये भी पढ़ें: Sameer Rizvi को छोड़ने का CSK को हो रहा होगा पछतावा, चेन्नई से निकलते ही दिल्ली का बना सबसे बड़ा मैच विनर
आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस की टीम फिलहाल छठे स्थान पर है। टीम ने अब तक दो मैच खेले हैं, जिसमें एक में जीत और एक में हार मिली है। उनका नेट रन रेट -0.206 है। अब टीम की नजरें अगले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां जीत हासिल कर वे अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहेंगे। फैंस को भी उम्मीद है कि हार्दिक पांड्या की वापसी से टीम फिर से जीत की पटरी पर लौटेगी।