ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने मैच बॉल को दो हिस्सों में बांट दिया (सोर्स - सोशल मीडिया)
क्रिकेट

हेडिंग्ले टेस्ट में गेंद के क्यों किए गए 2 टुकड़े? विकेट लेने के बाद ओली और जोश ने बनाया अनोखा पल

England vs Pakistan Test Series: हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान को 171 पर समेटने के बाद ओली रॉबिनसन और जोश टंग ने मैच की गेंद के दो टुकड़े क्यों किए? जानें पूरी वजह।

सृष्टि मौर्य

Ollie Robinson Josh Tongue Splits Match Ball: इंग्लैंड के गेंदबाजों ने हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान की पहली पारी को सिर्फ 171 रन पर समेट दिया। इसके बाद कुछ ऐसा हुआ जिसने इस मुकाबले को और खास बना दिया। पाकिस्तान के सभी 10 विकेट लेने वाले ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने मैच की गेंद के दो टुकड़े कर लिए। लेकिन आखिर इसकी जरूरत क्यों पड़ी?

एक गेंद और दो दावेदार

दरअसल, पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की गेंदबाजी इतनी शानदार रही कि सिर्फ दो गेंदबाजों ने मिलकर पूरी टीम को पवेलियन भेज दिया। रॉबिन्सन और टंग दोनों ने 5-5 विकेट लिए। रॉबिन्सन ने 18 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि जोश टंग ने 9.1 ओवर में 46 रन देकर 5 विकेट लिए।

टेस्ट क्रिकेट में आम तौर पर अगर कोई गेंदबाज एक पारी में 5 विकेट लेता है, तो वो मैच की गेंद को यादगार के तौर पर अपने पास रख लेता है। लेकिन हेडिंग्ले में परेशानी ये थी कि एक ही पारी में दो गेंदबाजों ने 5-5 विकेट लिए थे।

ओली रॉबिन्सन ने निकाला खास समाधान

इसका समाधान खुद ओली रॉबिन्सन ने निकाला। उन्होंने गेंद को दो हिस्सों में बांटने का फैसला किया, ताकि दोनों गेंदबाज इस खास उपलब्धि की निशानी अपने पास रख सकें। पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद रॉबिन्सन ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जब दोनों मैदान से बाहर जा रहे थे, तब उन्होंने जोश टंग से कहा कि गेंद के टुकड़े करके दोनों आपस में बांट लेते हैं।

रॉबिन्सन ने कहा कि टेस्ट मैच की एक पारी में दो गेंदबाजों का 5-5 विकेट लेना बहुत कम देखने को मिलता है। इसलिए दोनों ने अपनी इस शानदार गेंदबाजी को यादगार बनाने के लिए गेंद को बांटने का फैसला किया।

पाकिस्तान 171 पर हुई ढेर

हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 171 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए रॉबिन्सन और टंग के अलावा किसी गेंदबाज को विकेट नहीं मिला। इसके जवाब में इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 112 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड अभी पाकिस्तान की पहली पारी से 59 रन पीछे है।

जो रूट 37 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि जॉर्डन कॉक्स 23 रन पर उनका साथ दे रहे हैं। अब दूसरे दिन इंग्लैंड की नजर पाकिस्तान के स्कोर को पार कर बड़ी बढ़त हासिल करने पर होगी।

तेलंगाना के नलगोंडा में प्रिंसिपल पर 27 बार किया चाकू से हमला, लूट के लिए 10वीं के छात्रों ने रची थी साजिश

आज की ताजा खबर 20 अगस्त LIVE: भारी बारिश के बाद दिल्ली-एयरपोर्ट रोड और द्वारका अंडरपास में भरा पानी

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी को तैयार दिल्ली, LG तरनजीत सिंह संधू ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

टिट फॉर टैट! पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में की चालाकी, तो दिल्ली पुलिस ने हाई कमीशन के बाहर चलाया बुलडोजर- VIDEO

दिल्ली में जुटे भारत-जापान के रक्षा मंत्री; जानें राजनाथ सिंह और शिंजिरो कोइजुमी की बैठक के बड़े एजेंडे