Rahul Gandhi Modi Magician Remark: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को पिछले दिनों जादूगर कहा था। बीजेपी नेताओं ने इसे पीएम का अपमान माना। पीठासीन अधिकारी ने भी जादूगर शब्द को असंसदीय माना। आपकी इस संबंध में क्या राय है?'
हमने कहा, 'जादूगर वह होता है जो असंभव को संभव कर दिखाए, जादूगर को मेस्मरिज्म करना आता है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी 2014 से देशवासियों को सम्मोहित कर रखा है तभी तो वह लगातार चुनाव जीतकर विपक्ष को हैरान किए हुए हैं। उनके नेतृत्व में एनडीए का गुब्बारा फूलता चला जा रहा है। विपक्षी पार्टियों के टूटने और फूट पड़ने का करिश्मा आप देख ही रहे हैं। मोदी मानते हैं कि उनका मैजिक 2047 तक चलेगा। इसे कहते हैं दिव्य सोचवाली दूरदृष्टि ।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, दुनिया के बड़े जादूगरों में हूडिनी का नाम मशहूर है। भारत में पीसी सरकार का बड़ा नाम रहा है। बच्चे पहले जादूगर मैन्ड्रेक का कॉमिक्स पढ़ा करते थे। उसमें मैन्ड्रेक अपनी पत्नी नारडा के साथ चक्करदार रास्ते वाली ऊंची पहाड़ी पर बने बंगले 'जनाडू' में रहता है।'
हमने कहा, 'जनाडू की नहीं, जेन जी की चर्चा कीजिए। करिश्मा या करामात की बजाय कॉकरोच पर ध्यान दीजिए। जंतर-मंतर का जादू आपने देखा होगा। बीजेपी को सीजेपी ने हैरान-परेशान करके रख दिया था।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, उन जादूगरों को भूल जाइए जो हैट से कबूतर या खरगोश निकालते थे। राहुल गांधी की राय में मोदी सबसे बड़े जादूगर हैं। वह उनके जादू की ट्रिक समझने की कोशिश कर रहे हैं। वह उस मायाजाल को देख रहे हैं जिसमें एयरपोर्ट, बंदरगाह और खदानें अदाणी के पास खिंचे चले जा रहे हैं, मुकेश अंबानी की दौलत बढ़कर कुबेर के खजाने जैसी होती चली जा रही है। संवैधानिक संस्थान पिंजरे में कैद सुस्त बूढ़े शेर जैसे हो गए हैं।'
हमने कहा, 'राहुल की सोच अपनी जगह है लेकिन मोदीमय देश में विपक्ष छटपटाने के अलावा कुछ नहीं कर सकता। विपक्ष की बेकरारी यह है कि बीजेपी इतनी मजबूत क्यों है? वह चर्चा में भाग न ले तब भी संसद में सरकार दनादन बिल पास करा लेती है। अब सिर्फ महिला आरक्षण की पैकिंग में परिसीमन बिल पास कराने और लोकसभा की सीट 800 से ज्यादा बढ़ाने की देर है। मोदी हैं तो मुमकिन है!'