Weather Update: देशभर में मानसून का कहर जारी, दिल्ली और UP समेत 25 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

Weather Alert: मौसम विभाग ने 18 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 25 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका जताई गई है।
IMD Monsoon Rain Alert
आज का मौसम(AI जनरेटेड इमेज)
Updated on

IMD Monsoon Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 18 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।  मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से मूसलाधार बारिश के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बताया गया है।

दिल्ली में सुबह और दोपहर बारिश की संभावना

दिल्ली में 18 अगस्त को हल्की बारिश का अनुमान है। सुबह कई इलाकों में बारिश हो सकती है, जिसके बाद कुछ समय के लिए मौसम साफ होने की संभावना है। दोपहर में फिर बारिश हो सकती है। शाम तक मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। हालांकि, दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। राजधानी में उमस के बीच लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है।

यूपी के 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी 

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, अयोध्या, आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, झांसी और वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी है। IMD ने लखनऊ में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट बताया है। यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रह सकता है। हवाओं की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है।

बिहार और एमपी में तेज बारिश का खतरा

बिहार में पटना समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी भारी बारिश का अलर्ट है। अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सागर, सीधी, उमरिया समेत 14 जिलों में कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है।

राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जारी रहेगी बारिश

राजस्थान के कई जिलों में हल्की से भारी बारिश का अनुमान है। फलौदी, चूरू, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर और जयपुर समेत कई क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है। कुछ इलाकों में 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में बलरामपुर, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा और सरगुजा समेत कई जिलों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।

पहाड़ी राज्यों में आंधी और लैंडस्लाइड का खतरा

उत्तराखंड में नैनीताल, हरिद्वार, चमोली, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश से भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

बंगाल में 65 किलोमीटर तक चल सकती हैं हवाएं

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। तटीय और गंगा के मैदानी इलाकों में हवा की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD ने मछुआरों को खराब मौसम के दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

18 अगस्त को छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश की संभावना है। झारखंड के कई हिस्सों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान है। किसानों को बारिश के दौरान खाद और कीटनाशक का इस्तेमाल नहीं करने तथा तैयार फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। 

Navbharat Live
navbharatlive.com