Highlights:
अमित शाह ने कश्मीर में स्थानीय आतंकवाद खत्म होने का दावा किया।
लेख के अनुसार, पाकिस्तान अब स्थानीय युवाओं को लालच देकर आतंकी गतिविधियों में शामिल कर रहा है।
अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल ब्लास्ट मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
Pakistan Recruitment of Local Terrorists: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आतंकरोधी सम्मेलन में प्रसन्नता जताई कि कश्मीर 35 साल पुराने उस आतंकवाद से मुक्त हो गया है, जो भारत में पैदा हुए आतंकवादियों के कारण था। यह भारत के लिए अच्छी खबर है परंतु आतंकवाद के सहारे देश को जिंदा रखने वाले पाकिस्तान ने आतंक फैलाने के लिए अब नए पैंतरे अपनाना आरंभ कर दिया है। अब वह पहलगाम जैसी बड़ी वारदातों को छोड़कर दहशत फैलाने, रेल-बस, रेलवे ट्रैक में विस्फोट कराने, स्थानीय लोगों की हत्या कर आतंक को जिंदा रखने तथा अपने कट्टर आतंकवादियों को सहयोग करने के लिए स्थानीय लोगों पर दांव लगा रहा है।
कुछ दिन पहले अनूपगढ़- सूरतगढ़ रेल लाइन पर ब्लास्ट प्रकरण की जब छानबीन हुई और उसमें गिरफ्तारी हुई, तो पता चला कि इसके लिए पाकिस्तान ने भारत में जिन आरोपियों को यह काम सौंपा था, वह धन की कमी से परेशान थे। उन्हें न सिर्फ धन का लालच दिया गया, बल्कि उन्हें यह भी कहा गया कि जरूरत पर उन्हें भारत से बाहर भेजने तथा सेटल होने में भी मदद दी जाएगी।
इस ब्लास्ट प्रकरण में महकदीप तथा दविंदर को गिरफ्तार किया गया है, जब उनसे पूछताछ हुई तो सारी कहानी समझ में आई। महकदीप का पति ड्रग तस्करी में पकड़ा जा चुका है और वह पैसों के लिए परेशान थी। इसी का फायदा स्थानीय स्तर पर पाकिस्तान के लिए काम करने वालों ने उठाया और उसे बड़ी रकम देने की बात की, बल्कि विदेश में रहने की व्यवस्था की बात भी कही। जांच अधिकारियों को इनके पास से हवाला की रकम के साथ ही हथियार तथा कारतूस मिलना भी सिद्ध करता है कि यह पाकिस्तान की शह पर काम कर रहे थे।
जो हथियार मिले हैं, उन पर पाकिस्तान की आयुध फैक्ट्री का निशान भी है। उसने उन युवाओं को तलाशना आरंभ किया है, जिन्हें धन की बहुत जरूरत है। जो नौकरी के लिए परेशान हैं, विदेशों में रहना तथा वहां पर नौकरी करना चाहते हैं। ऐसे लोग उसकी प्राथमिकता में हैं, जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड न हो। वह उन बांग्लादेशी युवाओं को भी तलाश रहा है, जो उसकी मदद कर सकें, पाकिस्तान की नजर रोहिंग्याओं पर भी है, जो लंबे समय से भारत में रहकर परेशान हैं और सुरक्षित जीवन तलाश रहे हैं।
इसका ही नतीजा है यह रेल मार्ग पर ब्लास्ट, जिस तरह से पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर तथा सर्जिकल स्ट्राइक हुई, उससे भी वह डरा हुआ है और जम्मू-कश्मीर में सेना के हाथों उसके भेजे आतंकवादी मारे जाने तथा ओवरग्राउंड वर्कर्स के पकड़े जाने के बाद यह ही सुरक्षित मार्ग है। बैसरन हमले के बाद से कम से कम 2 दर्जन से अधिक इस तरह के वर्कर्स को सरकार नौकरी से निकाल चुकी है। पाकिस्तान की नजर अब इन पर भी है, जो गोपनीय तरीके से इनके साथ थे। पाकिस्तानी आतंकवादी दूसरे राज्यों में निशाना बना रहे हैं। इनमें राजस्थान, पंजाब, गुजरात तथा महाराष्ट्र पर अधिक फोकस है।
इसके लिए वह कई रास्ते निकाल चुका है। इनमें पार्सल बम जैसी कई योजनाएं हैं। पार्सल विस्फोट की ताजी घटना महाराष्ट्र के लातूर की है। यहां पर एक कुरियर के ऑफिस में पार्सल में विस्फोट हुआ। हालांकि उसमें मौत तो नहीं हुई पर एक कर्मचारी घायल हुआ। राजस्थान में ही ड्रोन से भारत-पाकिस्तान की सीमा पर आरडीएक्स के साथ डेटोनेटर मिले थे। खुफिया एजेंसियां जान चुकी हैं कि पाकिस्तान अपने नए शिकारों को ड्रोन के जरिए विस्फोटक तथा दूसरी खतरनाक वस्तुएं उपलब्ध कराता है।
राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा जैसे राज्यों से पाकिस्तान समर्थित शहजाद भट्टी के नेटवर्क के 250 से अधिक संदिग्धों को पकड़ा गया था। इसमें से अधिकतर स्लीपर सेल के थे। जून 2026 में जयपुर से भी एक दर्जन संदिग्धों की गिरफ्तारी भी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के लिए सिरदर्द बनी। फिलहाल सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान की जिस नई रणनीति को शुरू किया है, वह इस बात को पुख्ता करती है कि आतंकवाद को पाकिस्तान रोज नया चेहरा देने की कोशिश कर रहा है।