पड़ोसी ने उद्योगपतियों के बढ़ते मुनाफे और प्रधानमंत्री मोदी की उनसे मित्रता पर सवाल उठाया।
मोदी ने फिक्की की बैठक में कंपनियों को रोजगार और कर्मचारियों का वेतन न बढ़ाने पर टोका।
लेख में उद्योगों की मुनाफाखोरी, बेरोजगारी और घटती खरीद क्षमता पर चिंता जताई गई है।
तंज किया गया है कि चुनावी वादों और मुफ्त योजनाओं के बीच सरकार व उद्योगपति जनता की समस्याओं से बेफिक्र हैं।
Corporate Profits and Job Creation: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी की मुकेश अंबानी व गौतम अदाणी सहित बड़े उद्योगपतियों या कॉरपोरेट वर्ल्ड से लंबे समय से मित्रता रही है। केंद्र की बीजेपी सरकार ने इंडस्ट्री को पनपने का भरपूर मौका दिया। कौड़ियों के दाम में जमीन और टैक्स में भारी छूट दी।
एयरपोर्ट और बंदरगाह बनाने के ठेके दिए। उद्योग जगत ने गत वर्ष 22 प्रतिशत मुनाफा कमाया और इसके पिछले वर्ष 11 प्रतिशत नफे का कारोबार किया। मीठा-मीठा गप करता रहा। इतने वर्षों बाद मोदी ने उद्योग जगत को टोका कि पैसा तो भरपूर कमाते हो लेकिन लोगों को नई नौकरियां नहीं देते। महंगाई बढ़ने पर भी कर्मचारियों का वेतन नहीं बढ़ाते। क्या यह जनता को दिखाने के लिए उद्योगपतियों को बनावटी फटकार थी ? इसके पहले तक मोदी और उद्योगपति एक-दूसरे की पीठ थपथपाते रहे हैं।'
हमने कहा, 'बढ़ती बेरोजगारी और खरीद क्षमता में आई कमी से असंतोष पनप रहा है। सारी सुविधाएं लेने के बावजूद उद्योगपति अपने मुनाफे का हिस्सा जनता तक नहीं पहुंचा रहे हैं, इसलिए फिक्की की बैठक में मोदी ने फीकी-फीकी बातें कहीं जिसे उद्योगपतियों ने एक कान से सुनकर दूसरे से निकाल दिया होगा। जब एआई का जमाना आ गया तो नौकरियां बढ़ना तो दूर और घट जाएंगी। उद्योगपतियों में टाटा घराना ही चैरिटी करता है, बाकी तो सिर्फ अपना कारोबार बढ़ाते चले जाते हैं। फीकी शब्द से हमें मीनाकुमारी का शेर याद आया 'तुम क्या करोगे सुन के मुझसे मेरी कहानी, बेतुल्फ जिंदगी के किस्से हैं फीके-फीके!'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, समझदार को इशारा काफी होता है। जब सरकार ने विकास को बढ़ावा देने के लिए कॉरपोरेट टैक्स घटाया, इनकम टैक्स का बोझ कम किया, अधिकांश वस्तुओं पर जीएसटी दर घटा दी फिर भी उद्योगजगत कर्मचारियों को पर्याप्त वेतनवृद्धि नहीं देता। नई भर्ती नहीं करता। हमारा 150 करोड़ आबादी का देश है, जो 3 यूरोपियन यूनियन की जनसंख्या से भी ज्यादा है। हम फिर भी वर्ल्ड क्लास उत्पादन नहीं करते। सिर्फ मुनाफा कमाने या प्रॉफिट मेकिंग पर सारा ध्यान है। रोजगार पैदा नहीं करेंगे, महंगाई के बावजूद पर्याप्त वेतन नहीं बढ़ाएंगे, तो अर्थव्यवस्था में गति कैसे आएगी?'
हमने कहा, देश की जनता को चुनाव के समय लुभावने वादे करो और खैराती योजना से कुछ पैसा बांट दो तो वोट मिल ही जाते हैं। फिर इलेक्शन फंड में पैसा देने वाले उद्योगपति और सरकार दोनों ही हाथ झाड़कर बेफिक्र हो जाते हैं।
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा