पड़ोसी गली क्रिकेट टीम बनाने की योजना बताता है।
निशानेबाज खिलाड़ियों का मनोबल और एकाग्रता बढ़ाने के लिए मनोचिकित्सक रखने की सलाह देता है।
पड़ोसी क्रिकेटरों की कमाई और मैच फिक्सिंग पर तंज कसता है।
Sports Psychologist in Cricket: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, हम मोहल्ले की क्रिकट टीम बनाना चाहते हैं क्योंकि इन दिनों गली क्रिकेट लोकप्रिय हो गया है। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम व उनकी पत्नी केट ने भी मुंबई में गली क्रिकेट खेला। गली क्रिकेट में पिच बनाने की आवश्यकता नहीं रहती। गली का ट्रैफिक बंद करवाना पड़ता है ताकि कोई बीच में न आए। कहावत है- अपनी गली में कुत्ता भी शेर होता है! आपने फिल्मी गीत सुना होगा जीना तेरी गली में, मरना तेरी गली में! गली क्रिकेट खेलने से पहले लोगों को चेतावनी दे सकते हैं- ये गलियां ये चौबारा, यहां आना ना दोबारा ! अब हम फटाफट 11 प्लेयर्स टीम बना लेते हैं। इतने में काम चल जाएगा।'
हमने कहा, '11 में क्या होता है। कोई खिलाड़ी घायल हुआ तो उसकी जगह सबस्टीट्यूट लगेगा। साथ में टीम मैनेजर, कोच, फिजियो और दिमाग का डॉक्टर या साइकिएट्रिस्ट भी रखिए,' पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, मैनेजर और कोच की बात समझ में आती है परंतु साइकिएट्रिस्ट या मनोचिकित्सक क्यों चाहिए? हमारी टीम में कोई खिलाड़ी सनकी, विक्षिप्त या पागल नहीं है।'
हमने कहा, 'मन की गति फास्ट बोलर की गेंद की स्पीड से भी कई गुना ज्यादा होती है। खिलाड़ी के दिलो-दिमाग को कंट्रोल में रखने के लिए साइकिएट्रिस्ट रखना जरूरी है। जब खिलाड़ी फॉर्म में नहीं रहता तो मनोचिकित्सक उसे सम्मोहित कर फॉर्म में ला सकते हैं। जब बल्लेबाज 99 के स्कोर पर अटक जाए और सेंचुरी बनाना मुश्किल हो तब उसकी हिचकिचाहट दूर कर बाउंड्री मारने के लिए प्रेरित कर सकता है। मनोचिकित्सक चिड़चिड़े खिलाड़ी को शांत कर सकता है। वह प्लेयर में जोश भर सकता है और खेल के प्रति एकाग्रता पैदा कर सकता है।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, नामी क्रिकेट प्लेयर्स में मॉडेलिंग, विज्ञापन व एंडोर्समेंट से पैसा कमाने के मामले में खेल से भी ज्यादा मोटिवेशन और एकाग्रता है। मनोचिकित्सक उन्हें मैच फिक्सिंग से रोक दे, इतना ही काफी है।'
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा