Highlights:
यवतमाल के जगत मंदिर परिसर में शनिवार रात दो गुटों के बीच विवाद के बाद हिंसक संघर्ष हुआ, जिसमें अभय उर्फ बित्तम पाठोडे और श्री जाधव की मौत हो गई।
अभय पाठोडे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल श्री जाधव ने जिला शासकीय अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अवधूतवाड़ी पुलिस ने शिकायतों के आधार पर 4-5 संदिग्धों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमले और अन्य गंभीर अपराधों के तहत मामला दर्ज किया है।
Two Youths Killed In Yavatmal: यवतमाल शहर के जगत मंदिर परिसर में शनिवार की रात दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस खूनी संघर्ष में दो युवकों की निर्मम हत्या कर दी गई।
धारदार हथियारों से किए गए हमले में अभय उर्फ बित्तम पाठोडे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल श्री जाधव ने जिला शासकीय अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दोहरे हत्याकांड से यवतमाल शहर सहित उमरसरा परिसर में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद अवधूतवाड़ी पुलिस ने हत्या के आरोप में 4-5 संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात जगत मंदिर परिसर में स्थित हॉस्टल के सामने मैदान में दो गुटों के बीच किसी अज्ञात कारण को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान धारदार चाकू और अन्य हथियारों से अभय उर्फ वित्तम पाठोडे पर जानलेवा हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण अभय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद देर रात दोनों मृतकों के परिजनों की ओर से शिकायतें दर्ज कराई गईं। इन शिकायतों के आधार पर 4 से 5 संदिग्धों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज किए गए। देर रात पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। वहीं, एक अन्य युवक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
दो युवकों की हत्या के बाद इस घटना को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिक जांच के आधार पर इस घटना को सीधे तौर पर गैंगवार से जोड़ना उचित नहीं होगा। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
शहर के एक प्रमुख परिसर में दो युवकों की हत्या की घटना से नागरिकों में भय का माहौल है। मामूली विवादों में धारदार हथियारों से जानलेवा हमले होने की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।