

Highlights:
नागपुर के नरेंद्रनगर स्थित विजया अपार्टमेंट के फ्लैट पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,405 ग्राम एमडी ड्रग्स समेत कुल 1।54 करोड़ रुपये का माल जब्त किया।
पुलिस ने अनिकेत बिहारे, शुभम नरवरिया, कृष्णा वर्मा, तूफान सिंह सिसोदिया और राहुल गोंड को गिरफ्तार किया।
कांग्रेस पार्षद शुभम मोटघरे के घर पर फायरिंग मामले में फरार आरोपी विशाल उर्फ फल्ली गुप्ता को उसकी गर्लफ्रेंड सहेली उर्फ सोनू पंधराम के साथ पकड़ा गया।
Nagpur Crime Branch Action: कांग्रेस पार्षद शुभम मोटघरे पर फायरिंग और मोका के मामले में फरार अपराधी विशाल उर्फ फल्ली गुप्ता की तलाश में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी। फल्ली को खोजते-खोजते पुलिस को उसके गुर्गों का लोकेशन मिल गया। लगातार निगरानी और सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने नरेंद्रनगर परिसर में स्थित एक फ्लैट में छापा मारा। यहां उसके 5 पेडलर धराए और जांच में 1.40 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपियों में अनिकेत उर्फ अन्नू संजय बिहारे (19), शुभम उर्फ डोरेमोन दिलीप नरवरिया (31), कृष्णा सुनील वर्मा (19), तूफान सिंह बालू सिंह सिसोदिया (38) और राहुल रामकुमार गोंड (32) का समावेश है।
वहीं फल्ली और उसकी गर्लफ्रेंड को पुलिस ने रामेश्वरम से गिरफ्तार किया है। फल्ली ने विगत 26 अगस्त को श्रावणनगर में पार्षद शुभम मोटघरे के घर पर फायरिंग कराई थी। इस केस में पुलिस ने मोका भी लगाया था लेकिन फल्ली, उसकी गर्लफ्रेंड सहेली उर्फ सोनू पंधराम और अनिकेत बिहारे फरार थे। लगातार पुलिस फल्ली की तलाश में जुटी थी। उससे जुड़े सभी लोगों पर निगरानी की जा रही थी।
पार्षद शुभम मोटघरे के घर पर हुई फायरिंग के मामले में फल्ली मुख्य आरोपी है, इस प्रकरण में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर मोका के तहत कार्रवाई की थी लेकिन फल्ली, उसकी गर्लफ्रेंड सहेली पंधराम, बिहारे, अशोक बाबाजी यादव, बिहारे और अन्य आरोपी फरार थे, ड्रग्स पकड़ने के साथ ही पुलिस फल्ली की तलाश में जुटी हुई थी। इसके अलावा भी कुछ मामलों में फल्ली फरार था। क्राइम ब्रांच को खबर मिली थी कि नवरात्रि के दौरान फल्ली नागपुर आया था।
कोराडी मंदिर में दर्शन के लिए भी गया था। तभी से पुलिस उसके पीछे लगी थी। 2 दिन पहले पुलिस को जानकारी मिली कि वह रामेश्वरम में है। तुरंत एक टीम उसकी तलाश में रामेश्वरम रवाना हुई फल्ली और सहेली बस से रामेश्वरम की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उसे रास्ते में ही दबोच लिया। डीसीपी दीपक अग्रवाल और एसीपी वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पीआई विनायक गोल्हे के नेतृत्व में उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
तकनीकी जांच में पुलिस को बिहारे का सुराग मिला। उसकी खोज करते हुए पुलिस नरेंद्रनगर के विजया अपार्टमेंट के फ्लैट में पहुंची। इसी फ्लैट से फल्ली अपना ड्रग नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने छापेमारी में बिहारे, डोरेमोन, कृष्णा, तूफान और राहुल को पकड़ा, तलाशी लेने पर उनके पास 1,405 ग्राम मेफेड्रॉन ड्रग्स (एमडी) बरामद हुई। उनसे 6 मोबाइल फोन, एक कार, 4 दोपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और नकद 3.44 लाख रुपये सहित 1.54 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, एमडी ड्रग्स राजस्थान से नागपुर में बिक्री के लिए लाई गई थी। राजस्थान के भूपेंद्र सिंह ने उन्हें यह माल सप्लाई किया था। आरोपी पुलिस से बचने के लिए वॉट्सएप और इंस्टाग्राम कॉल का इस्तेमाल करते थे। पुलिसकर्मी की शिकायत पर बेलतरोड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच बेलतरोड़ी पुलिस कर रही है। जल्द ही भूपेंद्र सिंह की तलाश में एक टीम राजस्थान रवाना होगी।