Wardha Water Supply News: वर्धा शहर के हिमालय विश्व कालोनी में गत 2 वर्ष से दूषित जलापूर्ति हो रही थी। जिससे नागरिकों ने नल का पानी पिना छोड़ दिया था। हाल ही में नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य नप के जलापूर्ति विभाग द्वारा शुरू किया गया है। कार्य पूर्ण होते ही हिमालय विश्व कालोनी की पेयजल समस्या का निराकरण होने वाला है। हिमालय विश्व कालोनी को शहर की सबसे महंगी कालोनी के रूप में जाना जाता है।
लेकिन गत 2 वर्ष से इस परिसर में नल से दूषित जलापूर्ति हो रही थी। इस क्षेत्र में नल का पाइप लाइन नाले के अंदर से जाता है। ऐसे में नाले का गंदा पानी पेयजल की पाइप लाइन में जाकर दूषित जलापूर्ति हो रही थी। शुरूआती दिनों में कुछ लोगों के स्वास्थ्य पर विपरित परिणाम भी देखने मिला था। इसके बाद दूषित जलापूर्ति की बात सामने आते ही नगर परिषद में हिमालय विश्व कालोनी के नागरिकों ने शिकायत की। फिर भी दुषित पानी की समस्या का निराकरण नहीं हो रहा था।
परिणामवश नागरिकों ने नल के पानी का उपयोग करना तक बंद कर दिया था। हाल ही में निधि मंजूर होने से पेयजल की पाइप लाइन बदलने का कार्य आरंभ हो गया है। यह कार्य 15 दिन में पूर्ण हो जाएगा, ऐसी जानकारी नगर परिषद के जलापूर्ति विभाग से प्राप्त हुई है। हिमालय विश्व कालोनी के साथ ही अनमोलनगर परिसर की पेयजल की समस्या का निपटारा होने वाला है। जिससे नागरिकों द्वारा राहत व्यक्त की जा रही है।
यह भी पढ़े:- वर्धा: महावितरण का ‘मार्च एंडिंग’ वसूली अभियान तेज; बकाया बिल न भरने वाले 4,357 उपभोक्ताओं की कटी बिजली
इतवारा परिसर में पेयजल की पाइप लाइन बिछाई गई है। लेकिन अधूरे निर्माणकार्य की वजह से आज भी लोगों के मकान तक पानी नहीं पहुंच पाया है। जिससे इतवारा के वर्धा नागरिक पानी के लिए सार्वजनिक हैंडपंप पर ही निर्भर है। जरूरी उपाययोजना कर इतवारा में पेयजल की समस्या का निराकरण करने की मांग नागरिकों द्वारा की जा रही है।