DXP Ventures पर रेड के दौरान FDA अधिकारी (सोर्स: नवभारत)
ठाणे

ठाणे में FDA की बड़ी कार्रवाई, 2.06 करोड़ के खाद्य पदार्थ जब्त; DXP Ventures का लाइसेंस निलंबित

Thane FDA Raid: ठाणे के भिवंडी में FDA ने DXP Ventures पर छापा मारकर 2.06 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए। एक्सपायरी डेट और MRP से छेड़छाड़ के आरोप में लाइसेंस निलंबित।

सूर्यप्रकाश मिश्र, गोरक्ष पोफली

Highlights

  • ठाणे के भिवंडी में एफडीए ने छापा मारकर 2.06 करोड़ के खाद्य पदार्थ जब्त किए।

  • थिनर से एक्सपायरी डेट और एमआरपी मिटाकर नई तारीखें दोबारा प्रिंट की जा रही थीं।

  • गंभीर अनियमितताओं के चलते एफडीए ने DXP Ventures कंपनी का खाद्य लाइसेंस निलंबित किया।

Bhiwandi Food Safety Raid DXP Ventures India Pvt Ltd: ठाणे जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.06 करोड़ रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। भिवंडी ग्रामीण क्षेत्र में स्थित मेसर्स DXP Ventures India Pvt. Ltd. के गोदाम और प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई।

जांच में आयातित खाद्य पदार्थों की मूल निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और एमआरपी मिटाकर उनमें कथित रूप से बदलाव करने का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई के बाद 19 नवंबर को कंपनी का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

मिली थी गोपनीय सूचना

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई की जानकारी के अनुसार, FDA के ठाणे विभाग-10 के सहायक आयुक्त योगेश ढाणे को इस संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर अधिकारियों ने कंपनी के गोदाम की जांच की।

प्रारंभिक निरीक्षण में सामने आया कि खाद्य पदार्थों के पैकेट पर दर्ज मूल निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और MRP को थिनर नामक रासायनिक पदार्थ से मिटाया जा रहा था। इसके बाद उन पर संशोधित तारीख और कीमत दोबारा प्रिंट अथवा स्टैम्प की जा रही थी।

मौके से मशीनें और थिनर जब्त

मौके से थिनर, तारीख और एमआरपी की छपाई के लिए इस्तेमाल होने वाली स्टैम्पिंग मशीनें तथा अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद हुई। FDA के अनुसार, इस तरह की कथित छेड़छाड़ से खाद्य पदार्थों की वास्तविक पहचान, उनकी उपयोग अवधि और गुणवत्ता संबंधी जानकारी प्रभावित हो सकती है। विशेष रूप से एक्सपायरी डेट में बदलाव होने पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

14 प्रकार के खाद्य पदार्थ जब्त

कार्रवाई के दौरान स्पार्कलिंग वाटर, एनर्जी ड्रिंक, सऊदी कॉकटेल, सोडा, प्रीमियम सोडा वाटर, जिंजर सोडा और A2 बिलोना देसी घी सहित कुल 14 प्रकार के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। जब्त सामग्री का घोषित कुल मूल्य 2,06,21,243 रुपये बताया गया है। सभी खाद्य पदार्थों को नियामक नियंत्रण में रखा गया है तथा उनके पैकेजिंग, लेबल, स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच जारी है।

सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सक्षम लाइसेंसिंग प्राधिकारी एवं सहायक आयुक्त योगेश ढाणे ने कंपनी का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त वाय. एच. ढाणे, सह आयुक्त (खाद्य) डॉ. सचिन जाधव के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. वाय. चिपलूणकर और ए. वी. कांडेलकर शामिल रहे।

कपिल शर्मा के शो में दिखेंगे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी! पहली बार कोई मौजूदा कैबिनेट मंत्री बनेगा मेहमान

वीजा-फ्री एंट्री खत्म, फीस भी नहीं होगी वापस; मलेशिया जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?

Kal Ka Mausam: 20 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां छाएगा कोहरा? चक्रवात अक्वान से बिगड़ेगा मौसम, IMD का अलर्ट

TVK विधायक VS Babu का निधन, स्टालिन को हराकर बने थे राजनीतिक चर्चा का केंद्र, CM विजय ने जताया दुख

सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने