पंढरपुर में 54 होटलों, मिठाई की दुकानों और प्रसाद विक्रेताओं पर FDA की रेड
FDA ने 4 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए
व्रत के खाद्य पदार्थों और प्रसाद के 20 सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए
Food License Suspended in Pandharpur: महाराष्ट्र के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक पंढरपुर में आगामी कार्तिकी वारी यात्रा को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। तीर्थयात्रा के दौरान मंदिर नगरी में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तुकाराम मुंढे की महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। FDA ने पंढरपुर के 54 होटलों, मिठाई की दुकानों, जलपान केंद्रों, भोजनालयों और प्रसाद विक्रेताओं के ठिकानों पर औचक निरीक्षण किया, जिसके बाद अनियमितता पाए जाने पर चार खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि ये निरीक्षण एफडीए द्वारा सेफ फूड सेफ महाराष्ट्र अभियान के तहत किए गए, ताकि तीर्थयात्रा के दौरान इस मंदिर नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके। इस अभियान के तहत व्रत के खाद्य पदार्थों और प्रसाद के 20 नमूनों को जांच के लिए भेजे गए।
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, एफडीए ने थोक और खुदरा विक्रेताओं तथा व्यापारी संघों के प्रतिनिधियों के साथ एक जागरूकता बैठक भी आयोजित की। बैठक के दौरान FDA ने विक्रेताओं से प्रमाणित स्रोतों से व्रत के खाद्य पदार्थ खरीदने, उनकी समाप्ति तिथि तथा लेबल की जांच करने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, भोजन को ढककर रखने और बासी या दूषित भोजन बेचने से बचने का आग्रह किया।
एफडीए के संयुक्त आयुक्त श्रीकांत करकाले ने चेतावनी दी कि यदि प्रयोगशाला की रिपोर्ट में एकत्र किए गए नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले या मिलावटी पाए गए, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि सोलापुर जिले के पंढरपुर में स्थित प्राचीन विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर से जुड़ी कार्तिकी वारी का आयोजन कार्तिकी एकादशी के आसपास किया जाता है। यह महाराष्ट्र के प्रमुख तीर्थ आयोजनों में से एक है, जिसमें राज्यभर से भगवान विट्ठल के भक्त शामिल होते हैं।
पंढरपुर की आषाढ़ी वारी भी विश्व प्रसिद्ध है। यह वारकरी परंपरा की एक प्राचीन और अत्यंत पवित्र पदयात्रा है। इसमें लाखों श्रद्धालु आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर भगवान विट्ठल का आशीर्वाद पाने के लिए पैदल चलकर पंढरपुर जाते हैं।
इस दौरान संत ज्ञानेश्वर महाराज की पालकी आलंदी से प्रस्थान करती है और सत तुकाराम महाराज पालकी देहू से प्रस्थान करती है। वारकरी संप्रदाय की लोग दिंडी नामक अनुशासित समूहों में शामिल होते हैं। वे ज्ञानोबा-माउली और तुकाराम के साथ-साथ भगवान विट्ठल के नामों का जाप करते हैं।