कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (सोर्स: सोशल मीडिया) 
सातारा

'महिला डॉक्टर की मौत आत्महत्या नहीं, संस्थागत हत्या', सातारा मामले में राहुल गांधी का बड़ा बयान

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सतारा में महिला डॉक्टर की मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि 'संस्थागत हत्या' करार दिया। राहुल ने न्याय के लिए परिवार के साथ खड़े होने का ऐलान किया।

आकाश मसने

Rahul Gandhi On Satara Woman Doctor Suicide Case: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के सतारा में हुई महिला डॉक्टर की आत्महत्या के मामले को लेकर केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर सीधा हमला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इस आत्महत्या को सामान्य घटना नहीं, बल्कि 'संस्थागत हत्या' करार दिया।

राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र के सतारा में बलात्कार और उत्पीड़न से तंग आकर महिला डॉक्टर की आत्महत्या किसी भी सभ्य समाज की अंतरात्मा को झकझोर देने वाली त्रासदी है। उन्होंने दुःख जताते हुए कहा कि एक होनहार डॉक्टर बेटी, जो दूसरों का दर्द मिटाने की आकांक्षा रखती थी, वह भ्रष्ट सत्ता और तंत्र में बैठे अपराधियों की प्रताड़ना का शिकार बन गई।

सत्ता संरक्षित आपराधिक विचारधारा का उदाहरण

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस मामले में सीधे तौर पर सत्ता में बैठे लोगों की मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "जिसे अपराधियों से जनता की रक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी, उसी ने इस मासूम के खिलाफ सबसे घिनौना अपराध किया।"

राहुल गांधी के अनुसार, उस डॉक्टर के साथ बलात्कार और शोषण किया गया। इसके अतिरिक्त, रिपोर्ट्स के हवाले से उन्होंने बताया कि भाजपा से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों ने भी महिला डॉक्टर पर भ्रष्टाचार का दबाव डालने की कोशिश की थी।

गांधी ने इसे 'सत्ता संरक्षित आपराधिक विचारधारा का सबसे घिनौना उदाहरण' बताते हुए जोर दिया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि संस्थागत हत्या है। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, "जब सत्ता अपराधियों की ढाल बन जाए, तो न्याय की उम्मीद किससे की जाए?" उन्होंने आगे कहा कि डॉक्टर की मौत इस भाजपा सरकार के अमानवीय और संवेदनहीन चेहरे को उजागर करती है।

क्या है सतारा का पूरा मामला?

यह मामला महाराष्ट्र के सतारा जिले के फलटण इलाके का है। महिला डॉक्टर, जो सरकारी अस्पताल में पदस्थ थीं, गुरुवार रात एक होटल के कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस नोट में महिला डॉक्टर ने कथित तौर पर पुलिस सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदने पर रेप करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही, उन्होंने अपने मकान मालिक के बेटे पर भी प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, आरोपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर और मकान मालिक के बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल गांधी ने आखिर में परिवार के प्रति समर्थन जताते हुए लिखा, "हम न्याय की इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।" उन्होंने मांग की कि भारत की हर बेटी के लिए अब डर नहीं, न्याय चाहिए।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

MLC Election Results: सभी सीटों के परिणाम जारी, यहां देखें पूरी लिस्ट; नागपुर और वाराणसी में फंसा पेच

Cyclone Arnab Update: 150 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं हवाएं, अब इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

6,337 वाली दवा अब 1,495 में मिलेगी, कैंसर की किन दवाओं के कितने घटे दाम? देखें लिस्ट

BIG BREAKING: CJP ने दिया कांग्रेस के 1 नवंबर की महारैली को समर्थन, अभिजीत दिपके ने किया ऐलान

Seva First Innovation: महाराष्ट्र में इनोवेशन चैलेंज की धूम, 7,952 नए विचार पेश; 30 अक्टूबर तक करें आवेदन