पुणे मनपा की ऑनलाइन स्थायी समिति बैठक (सोर्स: नवभारत)
पुणे

हाइटेक पुणे मनपा, बेहाल नागरिक! जापान से ऑनलाइन जुड़ी स्थायी समिति; बुनियादी मुद्दों पर प्रशासन को लताड़ा

PMC Standing Committee Meeting: पुणे मनपा की स्थायी समिति बैठक जापान से ऑनलाइन हुई। कचरा, दूषित पानी और बिजली कटौती से परेशान पुणेकरों के मुद्दों पर महापौर और अध्यक्ष ने प्रशासन को जमकर लताड़ा।

गोरक्ष पोफली

PMC Online Meeting From Japan: पुणेकरों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कचरा, पानी और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी सवालों पर महापालिका की स्थायी समिति की बैठक में गुरुवार को जमकर चर्चा हुई। खास बात यह रही कि स्थायी समिति का कामकाज सीधे जापान से ऑनलाइन चलाया गया। महापौर मंजूषा नागपुरे, स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले, अतिरिक्त आयुक्त प्रजित नायर और शहर अभियंता अनिरुद्ध पावसकर ने जापान से ऑनलाइन बैठक में हिस्सा लिया। वहीं समिति के अन्य सदस्य और अधिकारी पुणे स्थित स्थायी समिति सभागार में मौजूद रहे।

बैठक में शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन के सामने शिकायतों का पिटारा खुला। वानवडी, जांभुलवाड़ी, वाघोली और कात्रज में नियमित सफाई नहीं होने तथा जगह-जगह कचरा जमा होने की शिकायतें सदस्यों ने उठाईं। संबंधित विभाग इन इलाकों की सफाई व्यवस्था पर तत्काल ध्यान दें और नागरिकों को परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करें, ऐसे निर्देश अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले ने दिए।

नल में पानी या दूषित पानी?

पुणे शहर के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति अनियमित होने की शिकायत भी बैठक में सामने आई। कुछ क्षेत्रों में पीने के पानी में दूषित पानी मिलकर आने की शिकायतों से नागरिकों के स्वास्थ्य का सवाल खड़ा हो गया है। संबंधित क्षेत्रों की जलापूर्ति व्यवस्था और पाइपलाइन की जांच कर दूषित पानी की शिकायतों का तत्काल निपटारा करने के निर्देश दिए गए।

बिजली गुल, पानी की टंकियां अधूरी

बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा है। बिजली कटौती के कारण कुछ इलाकों की पानी की टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर पा रही हैं। इसका खामियाजा नागरिकों को अनियमित जलापूर्ति के रूप में भुगतना पड़ रहा है। विद्युत विभाग को आवश्यक उपाय करने तथा जलापूर्ति विभाग के वॉल्वमैन को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

डेंग्यू-मलेरिया के लिए दवाओं का स्टॉक

बदलते मौसम के कारण बुखार, ठंड, बदन दर्द, सर्दी-खांसी के साथ डेंग्यू, मलेरिया और स्वाइन फ्लू जैसे मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए महापालिका के अस्पतालों और दवाखानों में पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। मरीजों को समय पर उपचार मिले और संबंधित बीमारियों की दवाओं की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा गया।

निर्देश जापान से, अमल पुणे में कब?

स्थायी समिति की बैठक में नागरिकों से जुड़ी अत्यावश्यक सेवाओं और सुविधाओं पर चर्चा हुई। एक ओर महापालिका का कामकाज जापान से ऑनलाइन चल रहा था, वहीं दूसरी ओर पुणे में कचरा, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याएं प्रशासन के सामने बनी हुई हैं।

अब बैठक में दिए गए निर्देशों का जमीन पर कितना असर दिखाई देता है, इस पर पुणेकरों की नजर रहेगी। नागरिकों की शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं, यह जानकारी अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले ने दी।

नवभारत लाइव के लिये समीर सैय्यद की रिपोर्ट

स्मित मच्छार के चाचा-चाची से मिले CM फडणवीस; तारीफ़ करते हुए बोले- मुंबई के सुपुत्र और असली हीरो हैं कैप्टन

सपा नेता के बिगड़े बोल, BJP नेत्री को कहा- किसी घाट पर कपड़ा धो रही होती; देखें वीडियो

स्ट्रेचर पर लेटे दिखे कैप्टन स्मित मच्छार, फ्लाईदुबई हमले के बाद पहला VIDEO

गुजरात कर रहा क्लेम तो महाराष्ट्र बोल रहा मुंबई का पुत्र, आखिर कहां से हैं कैप्टन स्मित मच्छार?

ज्ञानेश कुमार पर बवाल के बीच मुख्य चुनाव अधिकारी का VRS, आरएस गोपालन ने बताई इस्तीफे की वजह