हर साल बोनस में ₹2,000 की बढ़ोतरी।
2029-30 में अतिरिक्त अनुदान ₹35,000 होगा।
मूल वेतन और महंगाई भत्ते पर 8.33% अनुदान।
नए कर्मचारियों के लिए 180 दिन काम की शर्त।
Employees Diwali Bonus 2025 2026: दिवाली से पहले पुणे महानगरपालिका के करीब 18 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों को बोनस (सानुग्रह अनुदान) मिलने का रास्ता साफ हो गया है। कर्मचारियों को चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 27 हजार रुपये अतिरिक्त अनुदान देने का निर्णय लिया गया है।
महापौर मंजूषा नागपुरे ने बताया कि पक्षनेताओं की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई है। हालांकि, इसके लिए स्थायी समिति, मुख्य सभा और मनपा आयुक्त की प्रशासनिक मंजूरी आवश्यक है।
इस बार बोनस की राशि में पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी की गई है। साथ ही अगले पांच वर्षों के लिए बोनस का प्रारूप तय किया गया है। इसके तहत हर साल अतिरिक्त राशि में 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी होगी। वर्ष 2029-30 तक कर्मचारियों को 35 हजार रुपये अतिरिक्त अनुदान मिलेगा।
| वित्तीय वर्ष | अतिरिक्त अनुदान
| 2025-26 | 27 हजार रुपये |
| 2026-27 | 29 हजार रुपये |
| 2027-28 | 31 हजार रुपये |
| 2028-29 | 33 हजार रुपये |
| 2029-30 | 35 हजार रुपये |
इस फैसले का लाभ पुणे मनपा के अधिकारी-कर्मचारी, रोजंदारी श्रमिक, माध्यमिक एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी, शिक्षा मंडल के कर्मचारी तथा बालवाड़ी शिक्षिकाओं और सेविकाओं को मिलेगा। अतिरिक्त राशि के अलावा संशोधित वेतन संरचना के मूल वेतन और महंगाई भत्ते के कुल योग का 8.33 प्रतिशत अनुदान भी दिया जाएगा।
नए कर्मचारियों के लिए बोनस की पात्रता में भी शिथिलता प्रस्तावित है। एक वर्ष की सेवा पूरी करने के साथ संबंधित वित्तीय वर्ष में कम से कम 180 दिन वास्तविक काम करने वाले कर्मचारियों को उपस्थिति के अनुपात में बोनस मिलेगा। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना के कारण लिया गया विशेष चिकित्सा अवकाश भी इसमें शामिल होगा। पुणे जिले की प्राथमिक शिक्षा विभाग के शिक्षण सेवकों को 8.33 प्रतिशत अनुदान के साथ 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने का प्रावधान है।