प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया) 
पुणे

पुणे में दैवीय शक्ति के नाम पर 15 साल तक महिला का शोषण, पेशाब पीने को किया मजबूर, ढोंगी बाबा समेत 8 गिरफ्तार

Pune Fake Baba Case: पुणे में खुद को चमत्कारी बताने वाले ढोंगी बाबा राधामोहन मिश्रा सहित 8 लोगों को एक महिला का 15 वर्षों तक शारीरिक, मानसिक और वित्तीय शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

आकाश मसने

Pune Fake Baba Radhamohan Mishra: महाराष्ट्र के पुणे से अंधविश्वास की आड़ में रूह कँपा देने वाले शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कथित बाबा ने खुद को अलौकिक शक्तियों का स्वामी बताकर एक महिला को डेढ़ दशक तक बंधक जैसी स्थिति में रखा। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित उसके गिरोह को दबोच लिया है। पुणे में एक ढोंगी बाबा और उसके सात सहयोगियों को एक महिला का 15 साल तक यौन उत्पीड़न, शारीरिक प्रताड़ना और वित्तीय शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

यह कथित अपराध एक शिकायत मिलने के बाद सामने में आया, जिसके बाद एक प्राथमिकी दर्ज की गई और ढोंगी बाबा राधामोहन मिश्रा सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को बार-बार यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और अमानवीय व्यवहार का शिकार बनाया। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।

पीड़िता को पेशाब पीने के लिए मजबूर किया

आरोपियों ने दैवीय शक्तियां होने का झांसा देकर इस कृत्य को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए 7 सहयोगियों में 6 महिलाएं शामिल हैं। पीड़िता को लंबे समय तक प्रताड़ित किया गया। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान पीड़िता को बिजली के झटके दिए गए, बेरहमी से पीटा गया और यहां तक कि उसे आरोपी का मूत्र पीने के लिए भी विवश किया गया।

पुणे पुलिस की छापेमारी में जब्त हुआ कई सामान

शिकायत के आधार पर पुणे पुलिस ने खराड़ी क्षेत्र में स्थित ढोंगी बाबा मिश्रा के आश्रम पर छापेमारी की गई, जिसके दौरान पुलिस ने 8 लैपटॉप, 19 हार्ड डिस्क, 10 डीवीडी, 9 मोबाइल फोन, 20 कैसेट और 23 पेन ड्राइव जब्त कीं। इसके अलावा लगभग 6.5 लाख रुपये की नकदी और 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। परिसर से बड़ी मात्रा में दवाइयां भी मिली हैं, जिनमें से कुछ की मियाद पूरी हो चुकी थी। इनका उद्देश्य पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

आधुनिक गुरुकुल के नाम पर करता था धोखाधड़ी

ढोंगी बाबा राधामोहन मिश्रा कथित तौर पर कई वर्षों से लोगों को धोखा दे रहा था। शिकायतकर्ता का परिवार दो दशकों से अधिक समय से उससे जुड़ा हुआ था। आधुनिक गुरुकुल के नाम पर आरोपियों ने कथित तौर पर परिवारों को अपने बच्चों को आश्रम में रखने के लिए राजी किया था। बच्चे दिन में स्कूल और कॉलेज जाते थे, लेकिन इसी परिसर में रहते थे, जहां कथित तौर पर उनका शारीरिक उत्पीड़न और मानसिक शोषण किया जाता था।

आरोपी ने ऐसा प्रभाव बना रखा था कि उसके पास अलौकिक शक्तियां हैं और वह लोगों के मन को पढ़ सकता है तथा भविष्य देख सकता है। उसने कथित तौर पर अनुयायियों से उनके विचारों और व्यक्तिगत जीवन के बारे में विस्तृत रिपोर्ट लिखवाई, जिसका उपयोग बाद में शिकायतकर्ता और उसके परिवार को मानसिक रूप से नियंत्रित करने के लिए किया गया।

जांचकर्ताओं ने बताया कि पीड़िता को धीरे-धीरे उसके परिवार से अलग कर दिया गया और आरोपी ने उसे अपने पूर्ण प्रभाव में ले लिया। इस स्थिति का लाभ उठाकर, उसने कथित तौर पर महिला से बलात्कार किया और उसे बार-बार प्रताड़ना तथा अन्य प्रकार के उत्पीड़न का शिकार बनाया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने और भी कई लोगों को अपना शिकार बनाया होगा।

आश्रम के हिस्से की तलाशी

पुणे पुलिस ने कहा कि उनकी पहचान करने और उनका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी से जुड़े आश्रम के हिस्से की तलाशी ली गई है और उसे काफी हद तक सील कर दिया गया है। आरोपी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता की संपत्तियों को भी अपने नाम पर स्थानांतरित करने का प्रयास किया था।

पुलिस ने कहा कि कुछ संपत्तियां पहले ही स्थानांतरित की जा चुकी हो सकती हैं, इसलिए मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार, यह कथित उत्पीड़न 15 से अधिक वर्षों तक जारी रहा, जबकि शिकायतकर्ता का आरोपी से जुड़ाव 20 वर्ष से अधिक पुराना है।

गूंज नहीं, सीधा धमाका, DUSU में ABVP की जीत से गदगद हुई BJP, कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता देश के लिए खतरा, हामिद अंसारी के बयान बवाल, BJP ने किया पलटवार

सहारनपुर से चुनावी आगाज की परंपरा जारी रखेगी BJP? राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे से सियासी हलचल तेज

दिल्ली में वोटर लिस्ट से कटेगा केजरीवाल का नाम, चुनाव आयोग ने भेजा SIR का नोटिस, पूर्व CM से मांगे कागज

ABVP ने DUSU चुनाव में लहराया परचम, जीत के बाद यश डबास की पहली प्रतिक्रिया, बोले- हमारे साथ हैं Gen Z