वाघोली में विट्ठलवाड़ी आर्च के पास सड़क हादसा हुआ
तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर खड़े ट्रक से जा टकराई
हादसे में वाघोली निवासी 3 युवकों की मौके पर मौत
2 गंभीर घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
Pune Ahilyanagar Highway Car Accident: पुणे जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया है। पुणे-अहिल्यानगर हाईवे पर वाघोली इलाके में विट्ठलवाड़ी आर्च के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात में हुए हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुणे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुणे-अहिल्यानगर हाईवे पर वाघोली में विट्ठलवाड़ी आर्च के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1:25 बजे एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसके बाद कार पुणे की ओर जाने वाली लेन में लगभग 60 से 70 मीटर तक घिसटती चली गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जोरदार तरीके से टकरा गई।
इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तुरंत वाघोली के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके शवों को ससून अस्पताल भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान ओंकार अजय सूर्यवंशी (24), शंकर वासुदेव ढोले (22) और मयूर सतीश औटी (26/27) के रूप में हुई है। ये तीनों वाघोली के फूलमाला रोड इलाके के रहने वाले थे। वहीं हादसे में आशुतोष नंदकुमार मरकड (28) और प्रणय भरत शिंदे (24) घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज आईमैक्स अस्पताल में चल रहा है। वे दोनों अब होश में हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुणे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस इस घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल दोनों युवक होश में हैं। इस दुखद हादसे से पूरे वाघोली इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। तीन युवकों की मौत से पूरे इलाके में मातम छा गया है।
बता दें कि इससे पहले शनिवार देर रात राजस्थान के कोटा में भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के धुले के रहने वाले 9 लोगों की मौत हो गई थी। क्रूजर में सवार एक परिवार के लोग खाटूश्यामजी के दर्शन करने गए थे। दर्शन करके वापस लौटते समय शनिवार देर रात थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में क्रूजर में सवार एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।