

भारत और नेपाल के साझा भविष्य को नई दिशा देने के लिए जारी होगा संयुक्त विजन दस्तावेज
विकसित भारत और समृद्ध नेपाल के लक्ष्य को पूरा करने के लिए बनेगा साझा रोडमैप
माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध की साझा विरासत का जिक्र कर पीएम मोदी ने मजबूत रिश्तों का भरोसा जताया
PM Modi Vision for India Nepal Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए साझा विरासत, सांस्कृतिक सहयोग, खेल और युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग केवल राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रचनात्मकता, तकनीक और खेल के क्षेत्र में भी नए अवसर तैयार किए जाएंगे।
नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ संयुक्त प्रेस बयान के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि रामायण की कहानी आज फिल्मों और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी और पूरी दुनिया तक पहुंच रही है। भारत की इच्छा है कि दोनों देशों के युवा रचनाकार एक साथ आएं और नए माध्यमों के जरिए भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अगले WAVES Summit में नेपाल से आने वाले एक बड़े प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने के लिए उत्सुक है। इससे दोनों देशों के युवाओं, फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों को आपसी सहयोग बढ़ाने का अवसर मिलेगा। आधुनिक तकनीक और मनोरंजन के नए माध्यमों के जरिए साझा सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने लाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
भारत और नेपाल के बीच खेल सहयोग को लेकर भी प्रधानमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे के विकास और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए अपना सहयोग बढ़ाएगा। इससे नेपाल में क्रिकेट को बढ़ावा देने और वहां के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल अपने साझा भविष्य की नई दिशा तय करने के लिए एक संयुक्त विजन दस्तावेज जारी कर रहे हैं। यह दस्तावेज विकसित भारत और समृद्ध नेपाल की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक ब्लूप्रिंट के रूप में काम करेगा।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के पास स्पष्ट लक्ष्य, आपसी विश्वास और उन्हें पूरा करने की क्षमता है। भारत और नेपाल के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध के आशीर्वाद को दोनों देशों की साझा विरासत का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि इसी भावना से प्रेरित होकर दोनों देश अपने साझा विजन को ठोस उपलब्धियों में बदलेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल मिलकर द्विपक्षीय संबंधों में एक नया और स्वर्णिम अध्याय लिखेंगे।