घटना: पिंपरी-चिंचवाड़ में चलती एम्बुलेंस से मरीज सड़क पर गिरा।
लापरवाही: एम्बुलेंस का दरवाजा खुला और ड्राइवर को पता नहीं चला।
बचाव: राहगीरों ने पीछा कर एम्बुलेंस रुकवाई और मरीज बचाया।
Pimpri Chinchwad Patient Falls From Running Ambulance: महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवाड़ से स्वास्थ्य व्यवस्था की घोर लापरवाही को उजागर करने वाली एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां निगडी इलाके में यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल (YCM) अस्पताल की एक चलती एम्बुलेंस का पिछला दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे मरीज स्ट्रेचर समेत सीधे सड़क पर जा गिरा।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एम्बुलेंस चला रहे ड्राइवर को इस बात का पता ही नहीं चला कि मरीज पीछे सड़क पर गिर गया है।
यह घटना तब घटी जब एम्बुलेंस मरीज को लेकर अस्पताल परिसर और निगडी क्षेत्र के रास्ते से जा रही थी। अचानक पिछला दरवाजा खुला और मरीज स्ट्रेचर के साथ सड़क पर आ गिरा। इस दृश्य को देखकर रास्ते पर मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर दंग रह गए। नागरिकों ने तुरंत मरीज की मदद के लिए दौड़ लगाई। वहीं, कुछ सजग लोगों ने अपनी दोपहिया गाड़ियों से एम्बुलेंस का पीछा किया और आगे जाकर ड्राइवर को गाड़ी रोकने पर मजबूर किया।
जब ड्राइवर को पीछे हुई घटना की जानकारी दी गई, तब वह एम्बुलेंस को वापस मोड़कर मौके पर लाया। इसके बाद लोगों की मदद से मरीज को दोबारा स्ट्रेचर सहित गाड़ी में रखकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, राहत की बात यह रही कि मरीज को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसका इलाज जारी है।
इस पूरी घटना के बाद यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल (YCM) अस्पताल प्रशासन और पिंपरी-चिंचवाड़ मनपा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली एम्बुलेंस में इस तरह की लापरवाही ने मरीज सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी एम्बुलेंस चालक और जिम्मेदार अस्पताल प्रशासन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
वायरल वीडियो देख नेटिजन्स और आम नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इंटरनेट पर लोगों ने इस घटना को लापरवाही की इंतहा बताते हुए अस्पताल प्रशासन को आड़े हाथों लिया। नेटिजन्स ने सवाल उठाया कि जब एम्बुलेंस में मरीज ही सुरक्षित नहीं है, तो आपातकालीन सेवाओं पर भरोसा कैसे किया जाए।
सोशल मीडिया पर लोग पिंपरी-चिंचवाड़ मनपा और पुलिस विभाग से चालक के खिलाफ तत्काल सख्त कदम उठाने और YCM अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।