Pimpri Chinchwad Municipal DMS System Failure: पिंपरी-चिंचवड़ महानगर पालिका को पेपरलेस और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई 112 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (डीएमसी) वर्तमान में तकनीकी खराबी और वायरस के खतरों से जूझ रही है।
ई-ऑफिस के माध्यम से प्रशासनिक कामकाज को गति देने के लिए लागू किया गया यह सिस्टम अब खुद सुस्त पड़ गया है, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी असोष है। स्थिति यह है कि मनपा के पांच महत्वपूर्ण सर्वरों में से तीन बंद हैं।
केवल दो सर्वरों के भरोसे पूरे शहर का प्रशासनिक बोझ टिका है। सर्वरों पर अतिरिक्त लोड होने के कारण रोजाना दोपहर के बाद सिस्टम ठप हो जाता है, जिससे 'डिजिटल इंडिया' और 'स्मार्ट सिटी' के दावों पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
डीएमएस प्रणाली के लिए कुल पांच सर्वर हैं, जिनमें से तीन बंद होने के कारण कामकाज धीमी गति से चल रहा है। जल्द से जल्द सभी सर्वर शुरू करने के निर्देश दिए गए है। अमित पंडित, सहायक आयुक्त, सूचना व प्रौद्योगिकी विभाग
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि 112 करोड रुपये के भारी निवेश के बावजूद सिस्टम पर वायरस का हमला - सुरक्षा ऑडिट की विफलता को दर्शाता है। एक तरफ जहां सरकार तकनीक को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर बुनियादी ढांचे की यह खामी आम जनता के कार्यों में बाधा बन रही है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने जल्द ही सभी सर्वरों को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है, लेकिन फिलहाल तकनीकी बाधाओं ने महानगर पालिका के डिजिटल विजन पर ब्रेक लगा दिया है।