Ketan Agarwal Murder Case Siya Broken Phone Revelations: महाराष्ट्र की पुणे ग्रामीण पुलिस ने बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अदालत के समक्ष 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। केतन की लोहगढ़ किले से खाई में धक्का देकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की मुख्य आरोपी सिया गोयल के घर से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया था, जिसे उसने अलमारी की दराज में डाल दिया था। जब इस फोन की फोरेंसिक जांच कराई गई, तो उसमें से डिलीट की गई चैट्स, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), कॉल रिकॉर्डिंग्स और कई अहम तस्वीरें बरामद हुईं। इन सबूतों ने इस हत्याकांड को नया मोड़ दे दिया है।
पुणे ग्रामीण पुलिस चार्जशीट के मुताबिक, सिया गोयल और उसके साथी चेतन चौधरी ने 25 मई को ही केतन अग्रवाल की हत्या करने का फैसला कर लिया था। 31 मई को सिया ने पहली बार केतन के साथ लोहगढ़ किले जाकर पूरे इलाके की रेकी की और हत्या के लिए सही जगह चुनी।
दोनों को 6 जून को इंडोनेशिया के बाली की ट्रिप पर जाना था, लेकिन वहां साथ रहने की मजबूरी के कारण उन्होंने 4 जून को ही हत्या का प्लान बनाया। इसके बाद सिया ने मुंबई एयरपोर्ट जाते वक्त केतन का पासपोर्ट चुराकर हाईवे के एक फूड मॉल के कूड़ेदान में फेंक दिया। पासपोर्ट नहीं मिलने के कारण बाली ट्रिप रद्द हो गई।
19 जून को सिया का जन्मदिन था, जिसके लिए महाबलेश्वर में एक रिसॉर्ट बुक किया गया था। इससे पहले, सिया ने 14 जून को लोहगढ़ किले में केतन की हत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई।
19 जून को महाबलेश्वर में सिया का जन्मदिन मनाने की योजना थी। उससे बचने के लिए सिया और केतन ने 18 जून को ही हत्या को अंजाम देने का प्लान बनाया। केतन को जाल में फंसाने के लिए चेतन और सिया ने 'माही' नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। इस अकाउंट से केतन को मैसेज भेजा गया "मैं सिया की दोस्त हूं, 19 जून को उसका बर्थडे है। क्यों न उसे सरप्राइज देने के लिए 18 जून को लोहगढ़ किला ले चला जाए?" केतन झांसे में आ गया और खुद सिया को सरप्राइज देने के बहाने लोहगढ़ ले गया।
18 जून को केतन को लोहगढ़ किले से धक्का देने के बाद, चेतन बेफिक्र होकर ओल्ड मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के एक ढाबे पर 'मिसल-पाव' खाने रुका। साथ ही चेतन ने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए अपना असली फोन एक वर्कर के पास छोड़ दिया और दूसरे फोन के साथ बाइक से लोहगढ़ पहुंचा।
इधर सिया के फोन की फोरेंसिक जांच से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सिया ने रात 9 बजे सोनम रघुवंशी केस के बारे में सर्च किया। इसके बाद रात 10 बजे लोहागढ़ के बारे में सर्च किया और रात 11 बजे मैप पर लोहागढ़ में रात के समय घूमने की जगहों को देखा। सिया गोयल ने लोहागढ़ से गिरी एक 21 साल की लड़की के बारे में न्यूज रिपोर्ट भी पढ़ी थी।
फोन की फोरेंसिक जांच से खुलासा हुआ है कि सिया ने हत्या के लिए कौन सा जहर इस्तेमाल किया जाए और पुलिस पूछताछ का सामना कैसे करें और कैसे बचा जाए, इसके बारे में भी सर्च किया था। इसके अलावा, सिया ने ChatGPT से सोशल मीडिया पोस्ट के लिए मैसेज भी ड्राफ्ट किए थे। जैसे "इसे और इमोशनल बनाओ।" इस सोशल मीडिया पोस्ट को हत्या के दो या तीन दिन बाद शेयर किया जाना था।
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस को राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में सिया और चेतन की वरमाला बदलते हुए एक फोटो मिली है। हालांकि उनके बीच औपचारिक शादी का कोई सबूत नहीं मिला। पुलिस ने इस फोटो को चार्जशीट में शामिल किया है, ताकि यह साबित किया जा सके कि सिया और चेतन दोनों एक दूसरे से प्यार में थे और केतन उनके रिश्ते में रोड़ा बन रहा था।
पुणे पुलिस की जांच में चेतन के दोस्त बीड निवासी रितेश हांगे की पहचान तीसरे मुख्य आरोपी के तौर पर हुई। पुलिस के मुताबिक रितेश को केतन की हत्या के बारे में जानकारी थी और वह पूरी साजिश में शामिल भी था। केतन की हत्या के बाद, चेतन चौधरी पुणे गया और सबसे पहले 'इंजीनियर्स कैफे' में रितेश से मिला।
पुलिस के अनुसार, रितेश ने बेंगलुरु में एक दोस्त से संपर्क किया था ताकि केतन को अपंग बनाने या उसकी कॉन्ट्रैक्ट किलिंग करवाने का इंतजाम किया जा सके, लेकिन उस दोस्त ने मना कर दिया। पुलिस ने रितेश के बेंगलुरु वाले दोस्त का बयान दर्ज कर लिया है।
बता दें कि 18 जून को लोहागढ़ किले से खाई में गिरने के बाद केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। शुरू में इस घटना को एक हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में पता चला कि यह हत्या थी। इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अब रितेश हिंगे की गिरफ्तारी के बाद, हत्या की साजिश में उसकी असल भूमिका और क्या इसमें कोई और भी शामिल था, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है।