

Pune Dowry Vaishnavi Gisre Death Case: "अपनी बेटी को तुरंत यहां से ले जाओ, वरना मेरे हाथों कुछ बहुत बुरा हो सकता है..." शादी के महज चार महीने बाद 24 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे जब एक पति ने अपनी पत्नी के माता-पिता को फोन कर ये खौफनाक शब्द कहे, तो किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि सुबह एक हंसती-खेलती बेटी की लाश देखने को मिलेगी।
पुणे के वडाचीवाड़ी (उंदरी) इलाके से सामने आई यह दिल दहला देने वाली घटना समाज के मुंह पर करारा तमाचा है। शादी के महज 120 दिन बाद ही 22 वर्षीय नवविवाहिता वैष्णवी ओंकार गिसरे ने ससुराल वालों के तानों, मारपीट और दहेज प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
वैष्णवी के माता-पिता ने अपनी हैसियत के हिसाब से बेटी की शादी बड़े धूमधाम से की। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे ससुराल वालों की नीयत बदलने लगी। आरोप है कि शादी के कुछ ही हफ्तों बाद पति और ससुराल वालों ने एक नई कार खरीदने के लिए वैष्णवी पर मायके से 5 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब वैष्णवी ने इसका विरोध किया तो उसे बात-बात पर ताने दिए जाने लगे, गाली-गलौज की गई और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
24 सितंबर की रात यह प्रताड़ना अपनी सारी हदें पार कर चुकी थी। रात करीब 9:15 बजे वैष्णवी गिसरे ने अपनी मां को फोन किया और फोन पर वह फूट-फूटकर रोने लगी। रोते हुए उसने अपनी मां को ससुराल में हो रहे जुल्म के बारे बताया।
अभी माता-पिता अपनी बेटी को संभालने का सोच ही रहे थे कि ठीक दो घंटे बाद, रात 11:30 बजे वैष्णवी के पति ओंकार का फोन आया। उसने धमकी भरे लहजे में अपने सास-ससुर से कहा कि वे अपनी बेटी को तुरंत आकर ले जाएं, वरना अंजाम बुरा होगा।
दामाद की यह धमकी सुनकर वैष्णवी के माता-पिता घबरा गए और वे उसी रात पुणे के लिए रवाना हो गए। लेकिन जब तक वे सुबह उंदरी स्थित घर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जब माता-पिता बेटी के घर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वैष्णवी का शरीर रजाई में लिपटा हुआ पड़ा था। यद्यपि ससुराल वालों का दावा है कि वैष्णवी ने वडाचीवाड़ी स्थित वृंदावन सोसायटी के घर में छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है, लेकिन वैष्णवी के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि उसकी हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही कालेपडल पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वैष्णवी के माता-पिता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुणे पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।