पुणे में जावेद हबीब ने बालों की देखभाल के लिए ‘स्वच्छ हेयर इज द आंसर’ का मंत्र दिया।
उन्होंने रातभर सिर में तेल लगाकर सोने की आदत पर सवाल उठाए।
सैलून व्यवसाय में प्रशिक्षित टीम, कौशल और SOP को जरूरी बताया।
Hair Fall Dandruff Oiling Overnight: पुणे में बाल झड़ना, डैंड्रफ और बालों का कमजोर होना जैसी समस्याओं के लिए लोग अक्सर महंगे शैंपू और हेयर केयर उत्पादों को जिम्मेदार मा0नते हैं। लेकिन कई बार इन समस्याओं की वजह बालों की सही तरीके से सफाई नहीं करना और रोजमर्रा की गलत आदतें होती हैं।
रातभर सिर में तेल लगाकर सोना भी ऐसी ही एक आदत है, जो बालों और स्कैल्प की सेहत को प्रभावित कर सकती है। मशहूर हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब ने बालों की देखभाल के लिए ‘स्वच्छ हेयर इज द आंसर’ यानी स्वच्छ बाल ही समाधान का मंत्र दिया। पुणे में Jawed Habib Hair & Beauty Limited के उद्योग में २० वर्षों के सफर के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मेलन वार्तालाप में बोल रहे थे।
एक बिजनेस सेमिनार और टीम मीटिंग के दौरान जावेद हबीब ने हेयर केयर के साथ ही सैलून उद्योग की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण और व्यवसाय के विस्तार पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बालों की देखभाल केवल महंगे उत्पादों के इस्तेमाल तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए बालों की प्रकृति, स्कैल्प की स्थिति और सफाई की सही प्रक्रिया को समझना जरूरी है।
जावेद हबीब के अनुसार, बालों में तेल लगाना गलत नहीं है, लेकिन उसे लगाने का तरीका और समय महत्वपूर्ण है। रातभर सिर में तेल लगाकर सोने की आदत को उन्होंने एक आम गलतफहमी बताया। उनके मुताबिक, पसीने और अतिरिक्त तेल के कारण स्कैल्प पर गंदगी जमा हो सकती है। इससे डैंड्रफ और अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।
इसलिए बालों में तेल लगाने के बाद उनकी उचित सफाई पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बालों की सफाई के लिए एक निश्चित प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी। पहले बालों को पानी से अच्छी तरह गीला करें, जरूरत के अनुसार तेल लगाएं और कुछ समय बाद उपयुक्त शैंपू से बालों को साफ करें। उनका जोर इस बात पर रहा कि बालों की सफाई नियमित और सही तरीके से होनी चाहिए।
बालों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने पानी की गुणवत्ता का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार, अलग-अलग शहरों में पानी की कठोरता (वॉटर हार्डनेस) अलग होती है।
मुंबई और पुणे जैसे शहरों में पानी की गुणवत्ता में अंतर होने के कारण बालों पर उसका प्रभाव भी अलग हो सकता है। ऐसे में हर समस्या के लिए शैंपू को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। बालों की देखभाल करते समय पानी की गुणवत्ता और सफाई की पद्धति को भी समझना जरूरी है।
सैलून उद्योग के व्यवसाय मॉडल पर उन्होंने कहा कि केवल आकर्षक इंटीरियर और महंगे उपकरणों से कोई ब्रांड सफल नहीं होता। इसके पीछे प्रशिक्षित टीम, हाथों का कौशल, शिक्षा और काम करने की तय प्रक्रिया यानी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) होना जरूरी है।
उन्होंने मैकडॉनल्ड्स का उदाहरण देते हुए बताया कि जिस तरह वहां हर उत्पाद एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत तैयार होता है, उसी तरह सैलून में भी हेयर कटिंग और हेयर केयर के लिए एक समान कार्यप्रणाली होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ब्रांड किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि उसके सभी पार्टनर और टीम के सामूहिक प्रयास से बनता है। सैलून फ्रेंचाइजी मॉडल में भी ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे संचालकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े और ग्राहकों को उचित कीमत पर सेवाएं मिल सकें।
व्यवसाय के साथ सामाजिक योगदान पर जोर देते हुए जावेद हबीब ने अपने पिता की स्मृति में 25 युवाओं के लिए मुफ्त स्कॉलरशिप और हेयर कटिंग एवं केयर ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू करने की जानकारी दी। इसका उद्देश्य हेयर एवं ब्यूटी इंडस्ट्री में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना और उनके लिए रोजगार के अवसर तैयार करना है।
नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट