RMC प्लांटों पर कार्रवाई से पुणे एसोसिएशन नाराज, एसओपी जारी करने और सीधे तोड़फोड़ रोकने की मांग

Pune RMC Plants: पुणे में RMC प्लांटों पर PMC की तोड़फोड़ कार्रवाई से उद्यमी नाराज हैं। एसोसिएशन ने आश्वासन के बावजूद कार्रवाई का आरोप लगाकर SOP जारी करने की मांग की है।
Pune RMC Association upset over action taken against RMC plants
पुणे महानगरपालिकासोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • आरएमसी प्लांटों पर कार्रवाई से पुणे आरएमसी एसोसिएशन नाराज।

  • एसोसिएशन ने एसओपी जारी होने तक तोड़फोड़ रोकने की मांग की।

  • कार्रवाई से उद्योगों, मजदूरों के रोजगार और आजीविका पर असर की चिंता।

Pune RMC Plants Demolition: पुणे महानगरपालिका (मनपा) की ओर से रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांटों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर पुणे RMC एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन का आरोप है कि उद्योग के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी होने तक तोड़फोड़ नहीं करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद बावधन और सिंहगढ़ रोड क्षेत्र में कार्रवाई की गई। संगठन ने कहा कि इससे उद्यमियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है और मजदूरों के रोजगार पर भी संकट पैदा हो सकता है।

आश्वासन के बावजूद कार्रवाई का आरोप

एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप पोपटाव वाल्हेकर के अनुसार, 9 मई को जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी और पुणे मनपा आयुक्त नवल किशोर राम की उपस्थिति में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई थी। इसमें RMC उद्योग के लिए SOP जारी होने और लागू होने तक तोड़फोड़ नहीं करने का आश्वासन दिया गया था। एसोसिएशन का कहना है कि प्रक्रिया सार्वजनिक होने से पहले कार्रवाई किए जाने से प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

तोड़फोड़ के बजाय नियमों के तहत कार्रवाई की मांग

एसोसिएशन ने मांग की है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीधे तोड़फोड़ करने के बजाय संबंधित प्लांट को सील करने, उत्पादन रोकने और खामियां दूर करने का अवसर देने जैसे विकल्प अपनाए जाएं। संगठन ने प्रत्येक कार्रवाई का कारण और कानूनी आधार स्पष्ट करने के साथ अब तक हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है।

आर्थिक संकट से गुजर रहा RMC उद्योग

पुणे एसोसिएशन के मुताबिक, पिछले डेढ़ वर्ष से परिवहन प्रतिबंधों, वाहनों के परिचालन पर समय संबंधी पाबंदियों और अन्य समस्याओं के कारण उद्योग आर्थिक दबाव झेल रहा है। उत्पादन और बिक्री में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने के बावजूद बिजली, मशीनों के रखरखाव, कर्मचारियों के वेतन और बैंक ऋण की किस्तों का खर्च जारी है। इससे मजदूरों को नियमित रोजगार उपलब्ध कराने में भी कठिनाइयां आ रही हैं।

Pune RMC Association upset over action taken against RMC plants
Maharashtra MLC Election में महायुति को झटका, महाआघाड़ी ने 5 में से 3 सीटें जीतीं; नागपुर-पुणे में BJP को हार

मजदूरों और उनके परिवारों की आजीविका पर चिंता

एसोसिएशन ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्लांटों पर कार्रवाई से उद्यमियों के साथ मजदूरों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। संगठन का कहना है कि उद्योग बंद करने के बजाय स्पष्ट नियम तय किए जाएं और उन्हें सभी प्लांटों पर समान रूप से लागू किया जाए।

Pune RMC Association upset over action taken against RMC plants
Nashik Kumbh Mela: नासिक कुंभ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, महाध्वजारोहण में जुटेंगे 1 लाख श्रद्धालु

तत्काल SOP जारी करने की मांग

एसोसिएशन ने SOP तत्काल सार्वजनिक करने, तब तक पहले दिए गए आश्वासन का पालन करने और उद्योग प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाने की मांग की है। संगठन के अनुसार, पर्यावरणीय नियमों, परिवहन प्रतिबंधों और व्यावसायिक समस्याओं को ध्यान में रखकर व्यावहारिक कार्यप्रणाली तय की जानी चाहिए। एसोसिएशन ने प्रशासन से कार्रवाई से पहले संबंधित पक्षों से संवाद करने और नियमों का पालन करने वाले उद्योगों को कारोबार जारी रखने का अवसर देने की अपील की है।

- पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com